
अहमदाबाद टेस्ट का दूसरा दिन पूरी तरह से केएल राहुल के नाम रहा. लंबे समय से अपनी लय को तलाश रहे इस स्टार बल्लेबाज ने आखिरकार वेस्टइंडीज के खिलाफ बल्ले से गजब का कमाल कर दिखाया और शतकीय पारी खेलकर पूरे क्रिकेट जगत में अपनी धमक जता दी. ये उनके करियर का 11वां टेस्ट शतक था, जो उन्होंने 197 गेंदों में 12 चौकों की मदद से पूरा किया. भले ही राहुल इस शतक को बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर पाए और 100 रन पर आउट हो गए, लेकिन इस दौरान उन्होंने वो कर दिखाया जो हर किसी के लिए चौंकाने वाला था, क्योंकि उन्होंने एक ही पारी में विराट कोहली और रोहित शर्मा दोनों का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया.
रोहित-कोहली का तोड़ा रिकॉर्ड
सबसे पहले बात विराट कोहली की, दरअसल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप WTC में राहुल अब विराट से आगे निकल चुके हैं. इस शतक के साथ राहुल के नाम अब 6 शतक हो गए हैं, जबकि विराट कोहली 5 शतकों पर ही हैं यानी WTC की हिस्ट्री में राहुल ने किंग कोहली को पछाड़ दिया। यही नहीं, रोहित शर्मा का रिकॉर्ड भी राहुल के बल्ले से टूटा. बतौर ओपनर, राहुल अब तक 10 शतक ठोक चुके हैं, जबकि रोहित शर्मा इस मामले में 9 शतकों के साथ पीछे छूट गए. इस शानदार कारनामे के बाद राहुल भारतीय ओपनर्स की ऑलटाइम लिस्ट में चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं. उनसे ऊपर सिर्फ सुनील गावस्कर (33 शतक), वीरेंद्र सहवाग (22 शतक) और मुरली विजय (12 शतक) हैं यानी राहुल अब दिग्गजों की लिस्ट में शुमार हो चुके हैं, जबकि रोहित और गौतम गंभीर 9-9 शतक पर अटके हुए हैं.
इसे भी पढ़ें : शेट्टी के 'दामाद' के साथ शुभमन गिल का आया तूफान, पचासा ठोक बनाया मोदी स्टेडियम में ये खास रिकॉर्ड!
टीम इंडिया की बल्लेबाजी-गेंदबाजी हावी
मैच की तस्वीर पर नजर डालें तो वेस्टइंडीज की पहली पारी भारतीय गेंदबाजों के आगे बिखर गई. कप्तान रोस्टन चेज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन पूरी टीम सिर्फ 162 रन पर ढेर हो गई. टीम इंडिया की ओर से मोहम्मद सिराज ने 4 विकेट और जसप्रीत बुमराह ने 3 विकेट चटकाए। इसके अलावा कुलदीप यादव और वाशिंगटन सुंदर ने 1-1 विकेट हासिल किया. जवाब में भारत की बल्लेबाजी पूरी तरह छा गई. राहुल के शतक और कप्तान शुभमन गिल की अर्धशतकीय पारी ने भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. राहुल ने एक ओर 9 साल का इंतजार खत्म करते हुए घरेलू जमीन पर शतक जड़ा, वहीं गिल ने कप्तानी डेब्यू पर पचासा ठोककर फैंस को भरोसा दिलाया कि भविष्य सुरक्षित हाथों में है.