रायपुर वनडे की शुरुआत टीम इंडिया के लिए वैसी नहीं रही जैसी उम्मीद थी। रोहित शर्मा केवल 14 रन बनाकर आउट हुए तो डगआउट और दर्शक दोनों में बेचैनी बढ़ गई। कैमरा जब गंभीर पर गया, उनके चेहरे से साफ दिख रहा था कि हालात मुश्किल हैं। लेकिन तभी कोहली मैदान पर आए और माहौल पूरी तरह बदल गया। कुछ ही गेंदों में उनका फुटवर्क और टाइमिंग बता रहा था कि आज बड़ा धमाका होने वाला है। चौथी गेंद पर लगाया 80 मीटर का पुल शॉट अफ्रीकी तेज गेंदबाजों के लिए पहला झटका साबित हुआ और स्टेडियम में विराट-विराट की गूंज शुरू हो गई।
कोहली-गायकवाड़ की साझेदारी टर्निंग प्वाइंट
टीम पर दबाव था, लेकिन ऋतुराज गायकवाड़ ने कोहली के साथ मिलकर पारी में नई जान भर दी। ऋतुराज ने पहले संभलकर खेला, फिर अपने शॉट्स से विपक्ष को चौंका दिया। महज 77 गेंदों में उन्होंने पहला वनडे शतक पूरा कर दिया। दूसरी ओर कोहली ने सिंगल-डबल्स से खेल को नियंत्रण में रखा और ढीली गेंदों पर बाउंड्री निकालते रहे। दोनों की 195 रन की ये साझेदारी बवुमा की रणनीतियों को एक-एक करके तोड़ती चली गई। इस दौरान कैमरा कई बार गंभीर पर गया, और हर गेंद बता रही थी कि जवाब सिर्फ बल्ले से दिया जा रहा है।
कोहली का शतक और रिकॉर्ड्स का तूफान
रांची में शतक जड़ने के बाद सभी की निगाहें कोहली पर थीं कि क्या वह रायपुर में भी वही कमाल दोहराएंगे। और उन्होंने एक बार फिर मैदान में आग लगा दी। 93 गेंदों में 102 रन बनाकर कोहली ने 53वां वनडे शतक पूरा किया और कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए।
इस पारी के साथ कोहली ने-
नंबर-3 पोजिशन पर सबसे ज्यादा वनडे शतक का तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया
लगातार दो या उससे ज्यादा मैचों में 11वीं बार शतक लगाने वाले दुनिया के अकेले बल्लेबाज बने
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार तीसरा और कुल सातवां शतक दर्ज किया
स्टेडियम खड़ा होकर उनका सम्मान कर रहा था और पूरा देश कोहली की नई विरासत का जश्न मना रहा था।
इसे भी पढ़ें : Raipur में Kohli का 'विराट' रिकॉर्ड, लगातार जड़ा दूसरा शतक, सचिन का बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ा, पढ़ें
ICC की धमाकेदार रैंकिंग छलांग
कोहली के शतक का असर कुछ ही घंटों में ICC रैंकिंग में दिखा। उन्हें टॉप-4 में पहुंचा दिया गया, जिसके बाद क्रिकेट पैनल्स खासतौर पर पाकिस्तान में चिंता में डूबे दिखाई दिए। कई विश्लेषक लाइव टीवी पर मानते दिखे कि कोहली की यह फॉर्म किसी भी टीम के लिए डरावनी है। सोशल मीडिया पर भी पाकिस्तानी फैंस लिखते दिखे कि गंभीर और कोहली के बीच चल रहा विवाद शायद कोहली को और ज्यादा खतरनाक बना रहा है। जब कोहली 102 रन पर आउट हुए, पूरा स्टेडियम खड़ा होकर ताली बजा रहा था, मानो रायपुर में एक ऐतिहासिक दिन दर्ज हो चुका था।