Krishnavataram Tax Free: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पौराणिक पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म 'कृष्णावतारम' को राज्य में टैक्स फ्री करने का बड़ा ऐलान किया है। रविवार को लखनऊ के लोक भवन में आयोजित एक स्पेशल स्क्रीनिंग में पूरी कैबिनेट के साथ फिल्म देखने के बाद सीएम ने यह फैसला लिया। इस कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहीं।
सीएम योगी ने किया ट्वीट
आपको बता दें कि फिल्म की स्क्रीनिंग के बाद सीएम योगी ने सोशल मीडिया पर इस अनुभव को शेयर किया। उन्होंने लिखा कि राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की उपस्थिति में मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ योगेश्वर श्रीकृष्ण के दिव्य माहात्म्य पर आधारित फिल्म 'कृष्णावतारम्' की स्पेशल स्क्रीनिंग में सम्मिलित हुआ।
कलाकारों को किया सम्मानित
इस दौरान सीएम ने फिल्म से जुड़े कलाकारों को सम्मानित किया और यह घोषणा की कि उत्तर प्रदेश में अब यह फिल्म टैक्स फ्री होगी। मुख्यमंत्री ने पूरी टीम को इस बेहतरीन प्रयास के लिए हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
आनंदीबेन की पोती ने निभाया अहम किरदार
आपको बता दें कि इस फिल्म में राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की पोती संस्कृति ने भगवान श्रीकृष्ण की पत्नी सत्यभामा का मुख्य किरदार निभाया है। फिल्म में उनके एक्टिंग की काफी तारीफ की जा रही है।
यह भी पढ़ें: Krishnavataram Collection: 'कृष्णावतारम्' का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, तीसरे दिन हुई नोटों की बारिश; जानें कुल कलेक्शन
फिल्म की कहानी
यह फिल्म व्यास द्वारा रचित हिंदू संस्कृत ग्रंथ 'ब्रह्म वैवर्त पुराण' पर आधारित है। इसमें उन घटनाओं को दर्शाया गया है जो भगवान कृष्ण के राधा से अलग होने के बाद, तथा उनकी पत्नियों रुक्मिणी और सत्यभामा के साथ उनके जीवन के दौरान घटित हुईं। यह फिल्म कृष्ण के जीवन को सत्यभामा के दृष्टिकोण से प्रस्तुत करती है।
बॉक्स ऑफिस पर'कृष्णावतारम पार्ट 1' का कलेक्शन
'कृष्णावतारम पार्ट 1' को रिलीज हुए 4 दिन हो चुके हैं। पहले दिन फिल्म ने धीमी शुरुआत करते हुए 42 लाख की कमाई की। लेकिन बाद में इसकी कमाई बढ़ी। दूसरे दिन 1.15 करोड़, तीसरे दिन 2.25 करोड़ का कलेक्शन किया। इसके साथ ही सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने रविवार को चौथे दिन बाकी दिनों के मुकाबले कहीं ज्यादा 3.26 करोड़ कमाई की। इसी के साथ इसका इंडिया नेट कलेक्शन 7.08 करोड़ हो चुका है।
फिल्म की स्टारकास्ट
इस फिल्म में सिद्धार्थ गुप्ता, सुष्मिता भट्ट, निवासिनी कृष्णन और संस्कृति जयना जैसे सितारे हैं। भगवान श्रीकृष्ण का मुख्य किरदार सिद्धार्थ गुप्ता ने अदा किया है। वहीं, राधा का किरदार सुष्मिता भट्ट ने निभाया है। रुक्मिणी की भूमिका में निवासिनी कृष्णन हैं।