Kuldeep Sengar daughter: उन्नाव रेप केस एक बार फिर सुर्खियों में है। हाई कोर्ट से कुलदीप सेंगर को मिली राहत और उस पर सुप्रीम कोर्ट की रोक के बाद मामला दोबारा चर्चा में आ गया है। इसी बीच पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर की बेटी ऐश्वर्या सेंगर ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर गंभीर चिंता जताई है। ऐश्वर्या ने अपने पत्र में कहा है कि वह एक बेटी और नागरिक के तौर पर डरी हुई हैं, क्योंकि मौजूदा हालात में अगर कोई अनहोनी होती है तो उसका सारा दोष फिर से उनके पिता पर मढ़ा जा सकता है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और कानून के तहत न्याय सुनिश्चित करने की मांग की है।
पीड़िता के बयानों से डर
ऐश्वर्या ने पत्र में लिखा कि पीड़िता द्वारा सार्वजनिक रूप से दिए जा रहे बयान, जिनमें आत्महत्या या जान को खतरे की बात कही जा रही है, बेहद चिंता पैदा करने वाले हैं। उन्होंने 2018 की घटना का जिक्र किया, जब मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्मदाह की कोशिश हुई थी और मीडिया दबाव में तत्काल एफआईआर दर्ज कर उनके पिता को गिरफ्तार किया गया। ऐश्वर्या का कहना है कि बाद में हुए सड़क हादसे को भी बिना ठोस सबूत के उनके पिता से जोड़ दिया गया, जबकि सीबीआई, आईआईटी दिल्ली और फोरेंसिक एजेंसियों की जांच में इसे दुर्घटना माना गया था और कोर्ट ने उनके पिता को बरी कर दिया था।
यह भी देखेंःGovernment cracks down on Grok: Grok पर सरकार की सख्ती, 72 घंटे में अश्लील कंटेंट हटाने का आदेश
सुरक्षा की मांग
ऐश्वर्या सेंगर ने गृह मंत्री से आग्रह किया है कि पीड़िता और उसके परिवार को पर्याप्त और लगातार सुरक्षा दी जाए, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी की आशंका खत्म हो सके। उनका कहना है कि अगर भविष्य में कोई दुर्घटना या आपराधिक घटना होती है, तो उसे राजनीतिक या मीडिया दबाव में तोड़-मरोड़कर पेश न किया जाए। उन्होंने साफ किया कि यह पत्र किसी के खिलाफ नहीं, बल्कि एक और संभावित अन्याय को रोकने की कोशिश है। ऐश्वर्या ने भरोसा जताया है कि गृह मंत्री के हस्तक्षेप से पीड़िता की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी और उनके परिवार को बेवजह फिर निशाना नहीं बनाया जाएगा।