भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव इन दिनों अपनी शादी को लेकर चर्चा में हैं। कुलदीप अपनी मंगेतर वंशिका चड्ढा के साथ मसूरी के प्रसिद्ध सेवॉय होटल में शादी करने जा रहे हैं। 14 मार्च को दोनों शादी के बंधन में बंधेंगे। शादी से पहले प्री-वेडिंग समारोहों की शुरुआत हो चुकी है। परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी की रस्में बड़े उत्साह के साथ मनाई जा रही हैं।
हल्दी समारोह में दिखा खुशियों का माहौल
13 मार्च को दिन में कुलदीप यादव का हल्दी समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर परिवार के सदस्य और दोस्त मौजूद रहे। हल्दी की रस्म के दौरान माहौल बेहद खुशहाल नजर आया। इस समारोह की तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। फैंस भी इन तस्वीरों को काफी पसंद कर रहे हैं और कुलदीप को शादी की शुभकामनाएं दे रहे हैं।
संगीत समारोह में जमकर हुआ डांस
हल्दी के बाद रात में संगीत समारोह आयोजित किया गया, जिसमें सभी मेहमानों ने जमकर मस्ती की। इस कार्यक्रम की कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। एक वीडियो में कुलदीप यादव पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना के साथ डांस करते हुए नजर आ रहे हैं। दोनों की यह वीडियो फैंस को काफी पसंद आ रही है और इंटरनेट पर तेजी से शेयर की जा रही है।
क्रिकेट जगत के कई चेहरे पहुंचे समारोह में
कुलदीप यादव की शादी में क्रिकेट जगत की कई हस्तियां शामिल होने पहुंच रही हैं। भारतीय टीम के खिलाड़ी रिंकू सिंह और युजवेंद्र चहल भी मसूरी पहुंच चुके हैं। चहल को हल्दी और संगीत दोनों कार्यक्रमों में देखा गया। इसके अलावा भारतीय टीम के फील्डिंग कोच टी दिलीप भी इस समारोह में मौजूद रहे और उन्होंने भी डांस कर माहौल को और खास बना दिया।
इसे भी पढ़ें : UP में नई प्रशासनिक व्यवस्था, मंत्री-अधिकारी-पार्टी नेताओं की संयुक्त बैठक से जिलों में बढ़ेगा समन्वय
हाल ही में जीता है बड़ा खिताब
31 साल के कुलदीप यादव हाल ही में टीम इंडिया के साथ टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं। यह लगातार दूसरी बार है जब उन्होंने इस टूर्नामेंट का खिताब जीता। इस विश्व कप में उन्हें ज्यादा मैच खेलने का मौका नहीं मिला, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक विकेट लिया था।
अब आईपीएल में दिखेंगे मैदान पर
शादी के बाद कुलदीप यादव जल्द ही क्रिकेट मैदान पर वापसी करेंगे। आने वाले आईपीएल सीजन में वह दिल्ली कैपिटल्स की टीम के लिए खेलते नजर आएंगे। वह 2022 से इस टीम का हिस्सा हैं और अपनी गेंदबाजी से कई बार टीम को जीत दिला चुके हैं। फैंस अब उनकी शादी के साथ-साथ आईपीएल में उनके प्रदर्शन का भी इंतजार कर रहे हैं।