
1 अगस्त से जारी आतंकवाद विरोधी इस ऑपरेशन ने अब 9वां दिन पार कर लिया है लेकिन बीती रात इंडियन आर्मी और लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई.
एक ओर जहां देशभर में भाई-बहन के त्योहार रक्षाबंधन को धूम-धाम से मनाया जा रहा है तो उसी दिन एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने सबके आंखों में आंसू भर दिए हैं. दरअसल जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले का अखल इलाका इन दिनों गोलियों की गूंज से कांप रहा है. 1 अगस्त से जारी आतंकवाद विरोधी इस ऑपरेशन ने अब 9वां दिन पार कर लिया है लेकिन बीती रात इंडियन आर्मी और लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें दो वीर जवान लांस नायक प्रितपाल सिंह और सिपाही हरमिंदर सिंह शहीद हो गए, इसके साथ ही चार जवान घायल भी हुए हैं. अब तक इस ऑपरेशन में तीन आतंकियों को मार गिराया जा चुका है, लेकिन इलाके में अभी भी खतरा बरकरार है.
ये भी पढ़ें : Rakshabandhan Special: त्योहारों पर रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, आने-जाने के टिकट पर 20% छूट
चिनार कोर ने X पर किया पोस्ट
ये शहादत ऐसे समय आई है जब देशभर में बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधने की तैयारी कर रही थीं लेकिन इन बहादुर जवानों के घरों में राखी का त्योहार मातम में बदल गया. चिनार कोर ने X पर पोस्ट कर लिखा "राष्ट्र के लिए कर्तव्य निभाते हुए बहादुर लांस नायक प्रितपाल सिंह और सिपाही हरमिंदर सिंह के सर्वोच्च बलिदान का सम्मान करता है. उनका साहस और समर्पण हमें सदैव प्रेरित करेगा." देशभर से शहीदों को श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी है.
रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही
चिनार कोर के मुताबिक, बीती रात मुठभेड़ के दौरान रुक-रुक कर तेज गोलीबारी होती रही. सतर्क सैनिकों ने संतुलित जवाबी कार्रवाई की और आतंकियों के भागने के हर रास्ते को बंद कर दिया. यह संयुक्त अभियान भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप की संयुक्त ताकत से चल रहा है. जवानों ने इलाके की घेराबंदी और कड़ी कर दी है ताकि कोई आतंकी बचकर न निकल सके.
जवानों की कुर्बानी नहीं होगी बर्बाद
आपको बता दें ऑपरेशन अखल अब जम्मू-कश्मीर के इतिहास में सबसे लंबे आतंकवाद विरोधी अभियानों में शुमार हो रहा है. लगातार नौ दिन से चल रहे इस अभियान में सुरक्षाबलों ने अब तक तीन आतंकियों को मार गिराया है, जबकि बाकी आतंकियों की तलाश जारी है. खुफिया सूत्रों के अनुसार, इलाके में कुछ और आतंकियों के छिपे होने की आशंका है. सेना का संदेश साफ है एक-एक दुश्मन को खोजकर खत्म किया जाएगा. इस जंग में शहीद हुए जवानों की कुर्बानी ने पूरे देश के हौसले को और बुलंद कर दिया है.