Emergency Landing: गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुवैत से दिल्ली आ रही एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट को इमरजेंसी लैंडिंग के लिए डायवर्ट किया गया। विमान के भीतर एक टिशू पेपर पर बम और हाईजैक की धमकी लिखा नोट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं। एहतियात के तौर पर फ्लाइट को अहमदाबाद उतारकर सभी जरूरी सुरक्षा प्रक्रियाएं शुरू की गईं।
उड़ान के दौरान मचा हड़कंप
सूत्रों के मुताबिक यह फ्लाइट कुवैत से दिल्ली की ओर जा रही थी, तभी केबिन के अंदर एक टिशू पेपर पर संदिग्ध संदेश मिला। नोट में विमान को हाईजैक करने और बम से उड़ाने की धमकी लिखी थी। इसकी जानकारी मिलते ही क्रू मेंबर्स ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचित किया, जिसके बाद अहमदाबाद में आपात लैंडिंग का फैसला लिया गया।
यात्रियों की कड़ी जांच
विमान के उतरते ही सुरक्षा एजेंसियों ने मोर्चा संभाल लिया। फ्लाइट में सवार करीब 180 यात्रियों और उनके सामान की गहन जांच की जा रही है। सभी यात्रियों की पहचान की पुष्टि की जा रही है और एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी देखेंःअजित पवार के बाद बदलेगी सत्ता की केमिस्ट्री? बीएमसी चुनाव में महायुति की सबसे बड़ी अग्निपरीक्षा
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को आइसोलेशन एरिया में ले जाया गया। बम निरोधक दस्ता और अन्य एजेंसियां विमान की पूरी तलाशी ले रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जा रही है।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
हाल के दिनों में फ्लाइट्स को बम धमकी मिलने की घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले भी देश के अलग-अलग एयरपोर्ट पर ऐसी चेतावनियां मिली थीं, जो बाद में अफवाह साबित हुईं। हालांकि हर मामले में सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रही हैं। अहमदाबाद की इस घटना की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।