High Blood Pressure: अच्छी सेहत के लिए जितना जरूरी एक पौष्टिक खाना है, उतना ही जरूरी पर्याप्त नींद लेना भी होता है। अगर आप हेल्दी डाइट लेने के बाद भी रोजाना पूरी नींद नहीं ले रहे हैं, तो इसका आपकी सेहत पर काफी बुरा असर पड़ता है। खासकर आजकल के युवाओं में नींद पूरी न होने की वजह से हाई ब्लड प्रेशर की समस्या तेजी से बढ़ रही है।
बढ़ जाता है हाई बीपी का खतरा
आपको बता दें कि आपकी सोने की दिनचर्या, सोने से पहले का खान-पान, नींद का समय और उसकी क्वालिटी ये सभी चीजें आपकी सेहत से सीधे जुड़ी हुई हैं। रात में खर्राटे लेना या रात में बार-बार जागने जैसी आदतें भी नींद को प्रभावित करती हैं। जिससे आगे चलकर हाई बीपी का खतरा काफी बढ़ जाता है।
नींद और ब्लड प्रेशर का कनेक्शन
डॉक्टर के मुताबिक कम सोने से शरीर में स्ट्रेस हार्मोन का संतुलन बिगड़ने लगता है, जब शरीर में स्ट्रेस हार्मोन बढ़ते हैं, तो दिल की धड़कन तेज हो जाती है, जिसके चलते ब्लड प्रेशर भी बढ़ने लगता है। अगर आप हाई ब्लड प्रेशर की मरीज हैं और अच्छी नींद नहीं ले रहे हैं तो यह स्थिति आपके हार्मोन, हृदय गति और रक्त वाहिकाओं के कार्य को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचा सकती है।
नींद पूरी न होने के लक्षण
अगर आपकी नींद पूरी नहीं हो रही है, तो सुबह उठते ही शरीर में कुछ लक्षण दिखने लगते हैं। नींद की कमी होने पर सुबह आपको उठने के बाद आलस, सुस्ती और थकावट महसूस होगी। इसके अलावा सुबह उठने पर सिर में दर्द रहेगा और आंखें भी लाल हो सकती है। साथ ही रातभर सोने से बाद भी शरीर रिलेक्स महसूस नहीं करता है और दिनभर बैचेनी जैसा महसूस हो रहा है, तो समझ लें कि आपकी नींद पूरी नहीं हुई है।
दिनचर्या में करें बदलाव
अच्छी और गहरी नींद आपकी सेहत, दिमाग और ब्लड प्रेशर को सही रखने के लिए बेहद जरूरी है। अगर आपको रात में सोने में परेशानी होती है या बार-बार नींद खुलती है, तो आप अपनी दिनचर्या में कुछ बदलाव कर सकते हैं।
इन बातों का रखें ध्यान
एक फिक्स रूटीन बनाएं
कैफीन से दूरी बनाएं
हल्का और सुपाच्य भोजन करें।
कमरे में अंधेरा और शांति रखें
सोने से 30 मिनट पहले स्क्रीन न देखें