मध्य प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना ने राज्य की महिलाओं को बड़ी राहत दी है। हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता से लाखों परिवारों का घरेलू बजट संभल रहा है। अब तक सवा करोड़ से ज्यादा महिलाएं इस योजना से जुड़ चुकी हैं। सरकार का फोकस अब सिर्फ सहायता देने तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को स्थायी आय का जरिया देने की दिशा में भी कदम बढ़ाया जा रहा है।
सरकार की नई पहल से बढ़ेगी कमाई
सरकार अब लाडली बहनों के लिए एक नई योजना की तैयारी कर रही है। इस योजना के तहत महिलाओं को गाय पालन से जोड़ा जाएगा। इसके लिए उनके खातों में एक एक लाख रुपये तक भेजे जा सकते हैं। सरकार का मानना है कि दूध उत्पादन से जुड़कर महिलाएं हर महीने नियमित कमाई कर सकेंगी और आत्मनिर्भर बनेंगी।
गौपालन से जुड़ेंगी सवा करोड़ लाडली बहनें
प्रस्तावित योजना के अनुसार प्रदेश की सवा करोड़ लाडली बहनों को गौपालन से जोड़ने की तैयारी है। गाय खरीदने के लिए महिलाओं को आर्थिक मदद दी जाएगी। इससे महिलाओं को घर बैठे रोजगार मिलेगा। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को ऐसा काम देना है जिससे उन्हें हर महीने तय आमदनी हो सके।
ये भी पढ़ें : बेटियों के भविष्य पर बड़ा दांव, सरकार दे रही है 1.5 लाख रुपये, जानिए कौन ले सकता है फायदा और कैसे करें आवेदन
दूध उत्पादन बढ़ाने का बड़ा लक्ष्य
फिलहाल मध्य प्रदेश में रोज लगभग 591 लाख लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। सरकार का लक्ष्य इसमें करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करना है। लाडली बहनों को दुग्ध उत्पादन से जोड़कर यह लक्ष्य पूरा करने की कोशिश की जाएगी। इससे महिलाओं की आमदनी बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
कैसे मिलेगा 1 लाख रुपये तक फायदा
पशुपालन विभाग लाडली बहना गौपालन योजना को अंतिम रूप देने में जुटा है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को गाय खरीदने के लिए एक लाख रुपये तक की मदद दी जाएगी। महिलाएं इस रकम से अपना छोटा डेयरी काम शुरू कर सकेंगी और दूध बेचकर कमाई कर पाएंगी।
सब्सिडी और लोन का होगा संतुलन
योजना में कैटेगरी के अनुसार सब्सिडी तय की जाएगी। एससी और एसटी वर्ग की महिलाओं को लगभग 33 प्रतिशत तक अनुदान देने का प्रस्ताव है। वहीं जनरल और ओबीसी वर्ग की महिलाओं को करीब 25 प्रतिशत सब्सिडी मिल सकती है। बाकी रकम बैंकों के जरिए सरकार की गारंटी पर दी जाएगी, जिसे महिलाएं आसान मासिक किस्तों में चुका सकेंगी। इससे लाडली बहनों को बिना ज्यादा बोझ के रोजगार शुरू करने का मौका मिलेगा।