Lakhpati Didi Scheme : ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार की लखपति दीदी पहल काफी चर्चा में है। इसका उद्देश्य स्वयं सहायता समूह यानी SHG से जुड़ी महिलाओं की आमदनी बढ़ाकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। सरकार ने देशभर में 3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके तहत महिलाओं की सालाना आय कम से कम 1 लाख रुपये तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
सिर्फ पैसा नहीं हुनर भी मिलेगा
लखपति दीदी पहल का फोकस महिलाओं को रोजगार और छोटे कारोबार के लिए जरूरी कौशल देने पर है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को उनकी रुचि और स्थानीय जरूरत के हिसाब से अलग-अलग कामों की ट्रेनिंग दी जाती है। इसका मकसद महिलाओं को केवल आर्थिक मदद देना नहीं, बल्कि उन्हें ऐसा हुनर देना है जिससे वे खुद काम शुरू करके नियमित आमदनी हासिल कर सकें।
सिलाई से ड्रोन तक कई विकल्प
योजना के तहत महिलाओं को सिलाई-बुनाई, एलईडी बल्ब निर्माण, मशरूम की खेती और डेयरी जैसे कामों की ट्रेनिंग मिल सकती है। इसके अलावा नमो ड्रोन दीदी पहल के तहत कृषि क्षेत्र में ड्रोन चलाने और उसके इस्तेमाल से जुड़ी ट्रेनिंग भी दी जाती है। इससे महिलाएं खेती-किसानी, उत्पादन और सर्विस से जुड़े अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी कमाई का जरिया तैयार कर सकती हैं।
ये भी पढ़ें : Delhi में ₹35 किलो प्याज कहां मिल रहा? सरकार ने जारी की पूरी लिस्ट, जानें आपके पास कौन सा सेंटर
पउत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार
महिलाओं के लिए सिर्फ कारोबार शुरू करना ही नहीं, बल्कि उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना भी महत्वपूर्ण है। स्वयं सहायता समूहों के बनाए उत्पादों को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और सरकारी मेलों के माध्यम से बड़े बाजार तक पहुंचाने में मदद की जाती है। इससे गांव में तैयार सामान को ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचने का अवसर मिल सकता है। कारोबार बढ़ाने के लिए बैंकिंग व्यवस्था के जरिए लोन और वित्तीय सहायता लेने में भी मदद मिल सकती है।
ग्रामीण SHG महिलाओं पर फोकस
इस पहल का मुख्य फोकस ग्रामीण इलाकों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं पर है। जो महिलाएं इससे जुड़ना चाहती हैं, वे अपने नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्र या पंचायत कार्यालय में जानकारी ले सकती हैं। SHG के माध्यम से कारोबार शुरू करने के लिए बिजनेस प्लान तैयार करने और उपलब्ध अवसरों को समझने में भी सहायता मिल सकती है।
सालाना आय बढ़ाना है मुख्य लक्ष्य
लखपति दीदी पहल का उद्देश्य महिलाओं को एकमुश्त सहायता देने के बजाय उनकी नियमित और टिकाऊ आमदनी बढ़ाना है। अलग-अलग तरह की ट्रेनिंग, कारोबार के अवसर, बाजार से जोड़ने और वित्तीय मदद तक पहुंच के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की कोशिश की जा रही है। अगर महिला अपने हुनर और कारोबार को सही तरीके से आगे बढ़ाती है तो सालाना 1 लाख रुपये या उससे अधिक आय हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ सकती है।