टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। अब लोकल टोल पास बनवाने के लिए बार-बार टोल प्लाजा नहीं जाना पड़ेगा। नई व्यवस्था के तहत राजमार्ग यात्रा ऐप से ही लोकल पास के लिए आवेदन किया जा सकेगा। इस मासिक पास की कीमत करीब 340 से 350 रुपये रहने की बात कही गई है।
सबसे पहले यहां शुरू होगी नई सुविधा
इस सुविधा की शुरुआत सबसे पहले दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा से की जाएगी। इसके बाद बिजवासन और फिर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के दूसरे टोल प्लाजा पर इसे लागू करने की तैयारी है। आगे चलकर इस व्यवस्था को पूरे देश में शुरू करने की योजना है। इससे स्थानीय वाहन चालकों का समय बचेगा और टोल पर भीड़ भी कम होगी।
फास्टैग से सीधे जुड़ जाएगा पास
नई व्यवस्था में डिजिटल लोकल पास सीधे वाहन के फास्टैग से जोड़ दिया जाएगा। मुंडका टोल पर बिना वाहन रोके शुल्क लेने वाली व्यवस्था लागू की गई है। ऐसे में वाहन जैसे ही टोल से गुजरेगा फास्टैग के जरिए उसकी पहचान हो जाएगी। चालक को अलग से पास दिखाने या हर बार भुगतान करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
ये भी पढ़ें : Khan Sir और दोनों अंगरक्षकों को अदालत से मिली बड़ी राहत, गोलीबारी मामले में जमानत मंजूर होने के बाद बदली तस्वीर
सिर्फ इन लोगों को मिलेगा फायदा
इस सुविधा का लाभ सभी वाहन मालिकों को नहीं मिलेगा। लोकल पास केवल उन्हीं लोगों के लिए होगा जो टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहते हैं। आवेदन के दौरान आधार और दूसरे जरूरी दस्तावेजों के जरिए पहचान और पते की जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद डिजिटल पास फास्टैग से जोड़ दिया जाएगा।
350 रुपये में महीनेभर आने-जाने की सुविधा
मौजूदा नियमों के अनुसार स्थानीय लोगों के मासिक पास की कीमत करीब 350 रुपये है। इस पास के जरिए वाहन मालिक एक महीने तक संबंधित टोल प्लाजा से कई बार आ-जा सकते हैं। अब सरकार इसी व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल बनाने की तैयारी में है ताकि पास बनवाने की प्रक्रिया आसान हो सके।
घर बैठे आवेदन और समय की बचत
नई व्यवस्था लागू होने के बाद लोकल पास के लिए आवेदन से लेकर उसे जारी करने तक की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। इससे लोगों को टोल प्लाजा के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। यानी अगर आपका घर टोल से 20 किलोमीटर के दायरे में है तो करीब 350 रुपये में महीनेभर का लोकल पास घर बैठे बन सकेगा और टोल से गुजरना पहले से आसान हो जाएगा।