महंगाई के दौर में एक बार फिर गैस सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक 5 किलो वाले मिनी LPG सिलेंडर और 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है. हालांकि राहत की बात यह है कि घरेलू LPG सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है. इससे आम घरों को थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन छोटे सिलेंडर इस्तेमाल करने वालों की चिंता बढ़ गई है.
मजदूरों पर सबसे ज्यादा असर
5 किलो वाले मिनी सिलेंडर की कीमत बढ़ने से सबसे ज्यादा असर मजदूर वर्ग पर पड़ेगा. खासकर वे लोग जो दूसरे राज्यों में काम करने जाते हैं और जिनके पास घरेलू गैस कनेक्शन नहीं होता. ऐसे लोग अपने रोजमर्रा के खाने के लिए इसी छोटे सिलेंडर पर निर्भर रहते हैं. अब कीमत बढ़ने से उनकी जेब पर सीधा असर पड़ेगा और खर्च बढ़ जाएगा.
ये भी पढ़ें : 8वें वेतन आयोग की बैठक का आखिरी दिन, कर्मचारियों की नजर फैसले पर
नए रेट्स ने बढ़ाई टेंशन
5 किलो वाले मिनी सिलेंडर की कीमत में करीब 261 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. दिल्ली में इसकी नई कीमत लगभग 339 रुपये हो गई है, जबकि मुंबई में भी इसी तरह कीमत बढ़ी है. वहीं 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में करीब 993 रुपये का इजाफा हुआ है. दिल्ली में अब यह करीब 3,071 रुपये और मुंबई में लगभग 3,024 रुपये तक पहुंच गया है. इससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे बिजनेस पर असर पड़ेगा.
क्यों बढ़े दाम, क्या है राहत
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार मिनी और कमर्शियल LPG सिलेंडर कुल खपत का छोटा हिस्सा हैं और इनके दाम अंतरराष्ट्रीय बाजार के हिसाब से तय होते हैं. यही वजह है कि इनमें बदलाव किया गया है. वहीं घरेलू LPG, पेट्रोल और डीजल की कीमतों को स्थिर रखा गया है, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिली है. सरकार ने मुख्य ईंधनों के दाम फिलहाल नहीं बढ़ाए हैं.