
BJP's second list released: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी। इस सूची में 12 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। सबसे अधिक चर्चा में लोक गायिका मैथिली ठाकुर और पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा के नाम हैं। मैथिली ठाकुर को अलीनगर से और आनंद मिश्रा को बक्सर विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है। इससे पहले भाजपा ने अपनी पहली सूची में 71 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए थे। अब एनडीए में सीट बंटवारे के तहत भाजपा कुल 101 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
मैथिली ठाकुर को मिला अलीनगर से मौका
लोकप्रिय लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने हाल ही में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। उन्होंने पटना में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल की मौजूदगी में पार्टी जॉइन की थी। पहले चर्चा थी कि उन्हें मधुबनी की बेनीपट्टी सीट से टिकट मिल सकता है, लेकिन वहां मौजूदा विधायक विनोद नारायण झा को दोबारा मौका मिला। इसके बाद भाजपा ने मैथिली को अलीनगर सीट से मैदान में उतारने का फैसला किया। पार्टी को उम्मीद है कि मैथिली की लोकप्रियता युवाओं और महिला मतदाताओं में सकारात्मक असर डालेगी।
यह भी देखेंःदीवाली के बाद दिल्ली में होगी क्लाउड सीडिंग, पर्यावरण मंत्री सिरसा बोले, तीन घंटे में कराएंगे कृत्रिम वर्षा
बक्सर से मैदान में उतरे पूर्व आईपीएस आनंद मिश्रा
पूर्व आईपीएस आनंद मिश्रा को बक्सर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। मिश्रा ने पहले बक्सर लोकसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में वे प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी में शामिल हुए थे। अब भाजपा ने उन्हें बक्सर से प्रत्याशी बनाकर बड़ा दांव खेला है। दूसरी सूची में अन्य उम्मीदवारों में रामचंद्र प्रसाद (हायाघाट), सुभाष सिंह (गोपालगंज), विनय कुमार सिंह (सोनपुर), महेश पासवान (अगिआंव), और राकेश ओझा (शाहपुर) समेत कई नाम शामिल हैं।