
Private Jet Skids Off Runway: फर्रुखाबाद जनपद के मोहम्मदाबाद ब्लॉक में बनी हवाई पट्टी पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। उड़ान भरते समय एक प्राइवेट जेट अनियंत्रित होकर रनवे से बाहर चला गया और झाड़ियों में जा घुसा। हादसे के दौरान विमान में सवार सभी यात्री और दोनों पायलट बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
निरीक्षण के लिए आया था विमान
जानकारी के अनुसार, यह जेट जेट सर्विस एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का वीटी-डेज नंबर वाला विमान था। विमान में औद्योगिक क्षेत्र में बन रही बियर फैक्ट्री के एमडी और उनके सहयोगी सवार थे, जो निर्माणाधीन यूनिट का निरीक्षण करने आए थे। जैसे ही जेट ने रनवे पर टेकऑफ की कोशिश की, पायलट का नियंत्रण बिगड़ गया और विमान सीधे झाड़ियों की ओर जा पहुंचा।
यह भी देखेंःOperation Sindoor के बाद बौखलाया पाकिस्तान, आसिम मुनीर बोले , सेना रहे फिट और हर वक्त तैयार
जांच में जुटा प्रशासन
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम मोहम्मदाबाद सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि विमान को आंशिक नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने रनवे पर सुरक्षा मानकों की समीक्षा शुरू कर दी है ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।