
Operation Sindoor: दशहरे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी की चेतावनी के बाद पाकिस्तान में खलबली मच गई है। सर क्रीक पर भारत के कड़े रुख से डरे पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने रावलपिंडी में 272वीं कोर कमांडर्स कॉन्फ्रेंस बुलाई। बैठक में उन्होंने फौज को “हर परिस्थिति में फिट और तैयार” रहने का निर्देश दिया। मुनीर ने कहा कि पाकिस्तान की सेना किसी भी हमले का जवाब “आक्रामक और त्वरित” तरीके से देगी। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, राजनाथ सिंह की चेतावनी से सेना के भीतर बेचैनी बढ़ी है और यही वजह है कि इस बैठक में फिटनेस और अनुशासन पर खास जोर दिया गया।
आसिम मुनीर ने भारत पर फिर उगला जहर
कॉन्फ्रेंस में आसिम मुनीर ने एक बार फिर भारत विरोधी बयान दिया और कहा कि “पाकिस्तान हर मोर्चे पर जवाब देने के लिए तैयार है।” उन्होंने अपने सैनिकों से कहा कि वे फिटनेस और अनुशासन को प्राथमिकता दें और किसी भी हालात में कार्रवाई के लिए तैयार रहें। इतना ही नहीं, उन्होंने इस बैठक में कश्मीर मुद्दे को भी दोहराया और दावा किया कि पाकिस्तान “कश्मीरी भाइयों” के साथ खड़ा है। उन्होंने गाजा का भी जिक्र करते हुए युद्धविराम और मानवीय सहायता की अपील की। वहीं, सऊदी अरब के साथ हाल ही में हुई रक्षा डील की भी जमकर सराहना की गई, जिसे पाक सेना ने “रक्षा साझेदारी को मजबूत करने वाला अहम कदम” बताया।
भारत की चेतावनी से मचा डर
दरअसल, 2 अक्टूबर को दशहरे के अवसर पर भुज में जवानों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को सख्त संदेश दिया था। उन्होंने कहा था कि अगर पाकिस्तान ने सर क्रीक पर कोई भी हिमाकत की, तो “उसका इतिहास और भूगोल दोनों बदल दिए जाएंगे।” राजनाथ सिंह ने याद दिलाया कि 1965 में भारतीय सेना लाहौर तक पहुंच चुकी थी और अब 2025 में “कराची जाने का रास्ता भी इसी खाड़ी से होकर जाता है।” इस बयान के बाद पाकिस्तान में हड़कंप मचा हुआ है और आसिम मुनीर की बैठक को भारत की चेतावनी का जवाब देने की एक असफल कोशिश माना जा रहा है।