Rising River Water Level: कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। भटकल तालुका के तत्तिहक्लू इलाके में वेंकटपुरा नदी में सीपियां इकट्ठा करने गए लोगों का एक समूह अचानक तेज बहाव में फंस गया। इस हादसे में 7 महिलाओं समेत 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।
अचानक बढ़ा नदी का जलस्तर
जानकारी के मुताबिक, सरदाहोल गांव के रहने वाले 14 लोग रोज की तरह नदी में सीपियां इकट्ठा करने गए थे। जब वे नदी में उतरे तब पानी घुटनों तक था, लेकिन कुछ ही देर में नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। तेज बहाव के कारण लोग खुद को संभाल नहीं सके और पानी में बह गए।
स्थानीय लोगों ने बचाईं तीन जानें
घटना के बाद आसपास मौजूद मछुआरे सबसे पहले मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने तीन महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को पहले भटकल सरकारी अस्पताल ले जाया गया, बाद में बेहतर इलाज के लिए मणिपाल अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया।
यह भी देखेंःCockroach Janata Party: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ विवाद पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, CBI जांच की मांग वाली याचिका दायर
8 शव बरामद, 3 की तलाश जारी
उत्तर कन्नड़ पुलिस के अनुसार अब तक 8 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें 7 महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। वहीं दो महिलाओं और एक पुरुष समेत 3 लोग अभी भी लापता हैं। प्रशासन ने नदी और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।
पीएम मोदी और सीएम सिद्धरामैया ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। वहीं मुख्यमंत्री सिद्धरामैया ने भी प्रत्येक मृतक के परिवार को 5 लाख रुपये मुआवजा देने और घायलों के इलाज का पूरा खर्च सरकार द्वारा उठाने का ऐलान किया है।