Major accident in Barabanki: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में बुधवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक ट्रक रेलवे ट्रैक के ऊपर बने बुढ़वल ओवरब्रिज की दीवार तोड़ते हुए सीधे ट्रैक पर गिर गया। हादसा इतना तेज था कि आसपास अफरातफरी फैल गई। घटना के समय ट्रैक पर कोई ट्रेन नहीं गुजर रही थी, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। हालांकि बगल वाली लाइन पर एक ट्रेन खड़ी जरूर दिखाई दी, लेकिन रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ट्रेन पर ट्रक नहीं गिरा, केवल पुल का कुछ मलबा इंजन के हिस्से पर गिरा है। हादसे की जानकारी मिलते ही आरपीएफ, स्थानीय पुलिस और राहत-दस्ते मौके पर पहुंच गए। शुरुआती सूचना में चालक के गंभीर रूप से घायल होने की बात सामने आई, लेकिन पुलिस की ओर से अभी तक किसी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
ब्रिज तोड़कर नीचे गिरा ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक में प्लाई की शीटें भरी थीं और तेज गति के दौरान चालक नियंत्रण खो बैठा। ट्रक बैरिकेडिंग तोड़ते हुए सीधे नीचे ट्रैक पर जा गिरा। हादसे के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए और स्थिति को संभालने में पुलिस की मदद की। क्रेन मंगवाकर ट्रक को हटाने का प्रयास तुरंत शुरू कर दिया गया। इस घटना के कारण रेलवे ट्रैक के पास काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा और रेल रूट को सुरक्षा जांच के लिए अस्थायी रूप से रोका गया।
ट्रैक सुरक्षित, बहाली का काम जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एडिशनल एसपी विकास त्रिपाठी ने बताया कि रेलवे ट्रैक पूरी तरह सुरक्षित है और ट्रेन संचालन को नुकसान नहीं पहुंचा है। अधिकारी ने कहा कि राहत-बचाव कार्य तेजी से चल रहा है और ट्रक हटने के बाद ट्रैक की दोबारा जांच की जाएगी। हादसे के बाद रामनगर–फतेहपुर मार्ग पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य की गई। फिलहाल पुलिस ट्रक चालक की स्थिति और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।