Illegal Properties In Kashmir: जम्मू-कश्मीर के कश्मीर घाटी में नशे के खिलाफ अभियान तेज हो गया है। प्रशासन ने ड्रग तस्करों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए उनकी अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया है। इस कार्रवाई की शुरुआत अनंतनाग जिले से की गई, जहां करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति ध्वस्त की गई।
संयुक्त अभियान में चली कार्रवाई
अनंतनाग पुलिस ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर नेशनल हाईवे-44 के किनारे बनी अवैध इमारतों को गिराया। अधिकारियों के अनुसार, ये संपत्तियां नशीले पदार्थों की तस्करी से अर्जित पैसों से बनाई गई थीं। कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई।
तस्करों के नेटवर्क पर सीधा प्रहार
प्रशासन का कहना है कि इस कदम का मकसद सिर्फ अवैध निर्माण हटाना नहीं, बल्कि ड्रग नेटवर्क की आर्थिक कमर तोड़ना है। इस तरह की कार्रवाई से तस्करों को बड़ा संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि अवैध कारोबार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह भी देखेंःHormuz crisis: होर्मुज संकट के बीच भारत को राहत, OPEC में दरार से तेल सप्लाई पर नहीं पड़ेगा बड़ा असर
LG की मुहिम का असर
यह सख्ती उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा शुरू किए गए नशा मुक्ति अभियान का हिस्सा है। 100 दिनों में ड्रग नेटवर्क खत्म करने के लक्ष्य के तहत पुलिस और प्रशासन लगातार बड़े कदम उठा रहे हैं।
लोगों से सहयोग की अपील
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे ड्रग तस्करी से जुड़ी जानकारी साझा करें। अधिकारियों का कहना है कि समाज के सहयोग से ही इस नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सकता है और युवाओं को नशे के जाल से बचाया जा सकता है।