SI-backed Shahzad Bhatt Network: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया है कि स्वतंत्रता दिवस से पहले पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के कथित समर्थन वाले शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ देशभर में बड़ा अभियान चलाया गया। शाह के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों ने 14 राज्यों में समन्वित कार्रवाई करते हुए नेटवर्क से जुड़े 200 से अधिक लोगों को गिरफ्तार या हिरासत में लिया और संभावित आतंकी हमलों की साजिश को नाकाम किया। गृह मंत्री ने इस कार्रवाई को आतंकवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की जीरो-टॉलरेंस नीति का उदाहरण बताया।
14 राज्यों में एक साथ हुई कार्रवाई
गृह मंत्रालय के मुताबिक, शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई के दौरान अलग-अलग राज्यों की पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के बीच रियल-टाइम इंटेलिजेंस साझा की गई। मंत्रालय के अनुसार, अभियान के दौरान 14 राज्यों से कुल 253 लोगों को हिरासत में लिया गया। सबसे ज्यादा कार्रवाई उत्तर प्रदेश में हुई, जहां 62 लोगों को हिरासत में लिया गया। इसके अलावा हरियाणा में 52, दिल्ली में 51, पंजाब में 44 और राजस्थान में 15 लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी गई है।
हथियार और विस्फोटक बरामद होने का दावा
गृह मंत्रालय के अनुसार, कार्रवाई के दौरान नेटवर्क से कथित तौर पर IED, पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री के निशान वाले ग्रेनेड, पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा जासूसी गतिविधियों में इस्तेमाल किए जाने वाले CCTV कैमरों की बरामदगी की भी बात कही गई है। मंत्रालय का आरोप है कि यह नेटवर्क ग्रेनेड, IED और पेट्रोल बम हमलों के साथ-साथ लक्षित हत्याओं जैसी आतंकी गतिविधियों से जुड़ा हुआ था।
यह भी देखेंःहाथी कॉरिडोर पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, केंद्र को नए सर्वे और बाधाएं हटाने का निर्देश
रेकी और जासूसी के लिए स्थानीय लोगों के इस्तेमाल का आरोप
गृह मंत्रालय ने दावा किया कि शहजाद भट्टी नेटवर्क पुलिस प्रतिष्ठानों, रक्षा से जुड़े स्थानों और धार्मिक स्थलों की रेकी कराने के लिए स्थानीय लोगों का इस्तेमाल करता था। आरोप है कि इन लोगों को पैसे देकर संवेदनशील स्थानों पर CCTV कैमरे लगाने और जरूरी जानकारी जुटाने का काम दिया जाता था। मंत्रालय के मुताबिक, नेटवर्क का उद्देश्य देश के अलग-अलग हिस्सों में आतंकी गतिविधियों के लिए स्थानीय स्तर पर मददगार तंत्र तैयार करना था।
80 से ज्यादा FIR दर्ज होने की जानकारी
गृह मंत्रालय ने बताया कि सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ जीरो-टॉलरेंस नीति के तहत शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े मामलों में 80 से ज्यादा FIR दर्ज की गई हैं। 12 अगस्त को शुरू किए गए समन्वित अभियान में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान समेत 14 राज्यों की एजेंसियां शामिल रहीं। महाराष्ट्र में 8, उत्तराखंड में 5 और कर्नाटक, गुजरात तथा बिहार में 3-3 लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी गई है। वहीं तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और केरल में 2-2 लोगों को हिरासत में लिया गया। गृह मंत्रालय के अनुसार, अभियान से जुड़ी जांच और कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।