BSF nabs Jaish-e-Mohammed suspect: भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को सुरक्षा बलों ने विफल कर दिया है। जम्मू के प्रगवाल सेक्टर में बीएसएफ ने दो दिन के ऑपरेशन के बाद एक संदिग्ध आतंकवादी को गिरफ्तार किया, जिसके पास चीनी निर्मित हथियार होने की आशंका जताई गई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि पकड़ा गया व्यक्ति जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा हो सकता है और भारत में एक बड़े आतंकी मॉड्यूल को सक्रिय करने की साजिश का हिस्सा था। बीएसएफ की सतर्कता और समय रहते की गई कार्रवाई ने सीमा पर एक गंभीर खतरे को टाल दिया।
जैश मॉड्यूल को फिर से सक्रिय करने की कोशिश
सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि गिरफ्तार संदिग्ध भारत में जैश-ए-मोहम्मद के एक बड़े ग्रुप की घुसपैठ कराने की तैयारी में था। सूत्रों के अनुसार यह ऑपरेशन कई चरणों में चल रहा था और सीमा पार से लगातार गतिविधियां देखी जा रही थीं। माना जा रहा है कि संदिग्ध का उद्देश्य घुसपैठ करने वाले आतंकियों को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराना और उन्हें हथियार मुहैया कराना था। हथियारों की विदेशी बनावट और संदिग्ध की गतिविधियों को देखते हुए मामले को उच्च स्तर पर जांच के लिए भेजा गया है।
यह भी देखेंःMotion Against Trump: ट्रंप के खिलाफ दोबारा महाभियोग प्रस्ताव पेश, अमेरिकी सदन ने फिर किया खारिज
एजेंसियों की नजर
खुफिया एजेंसियां पहले ही चेतावनी दे चुकी थीं कि पाकिस्तान की आईएसआई जम्मू-कश्मीर में सक्रिय रहे पुराने आतंकवादी कमांडरों को फिर से भेजने की रणनीति अपना रही है। कुछ दिन पहले बीएसएफ के आईजी ने भी कहा था कि पाकिस्तान अधिकृत क्षेत्र में आतंकियों के लॉन्च पैड फिर से सक्रिय हो गए हैं। हालिया गिरफ्तारी इसी नई रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है। सुरक्षा बलों ने सीमा पर निगरानी और बढ़ा दी है, ताकि किसी भी घुसपैठ के प्रयास को समय रहते रोका जा सके।