Parliamentary Panel Meeting: शिक्षा, महिला, बाल और युवाओं से जुड़ी संसद की एक बेहद अहम कमेटी संसदीय स्थायी समिति 1 जुलाई को सुबह 10:30 बजे एक बड़ी बैठक करने जा रही है। इस बैठक में नीट यूजी री-एग्जाम से मिले अनुभवों और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को बेहतर बनाने बनाने के लिए जरूरी सुधारों पर गहरी चर्चा होगी। हाल ही में परीक्षाओं को लेकर खड़े हुए विवादों और जांच के बीच इस बैठक को बहुत जरूरी माना जा रहा है।
NTA के लिए नया रोडमैप
सरकार की ओर से NTA सुधारों के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति के अध्यक्ष और इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (ISRO) के पूर्व अध्यक्ष डॉ के राधाकृष्णन, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी को सशक्त बनाने के लिए सुधार विषय पर रोडमैप प्रस्तुत करेंगे। बैठक में उच्च शिक्षा सचिव डॉ. विनीत जोशी और NTA के डायरेक्टर जनरल (DG) अभिषेक सिंह भी मौजूद रहेंगे। दोनों अधिकारी समिति को बताएंगे कि परीक्षाओं को सुधारने में क्या बदलाव किए जा रहे हैं और उनके सामने क्या चुनौतियां हैं।
दूसरा सत्र 12 बजे से होगा शुरू
वहीं, समिति का दूसरा सत्र दोपहर 12 बजे से शुरू होगा। जिसमें शिक्षा पर आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (AI) के प्रभाव और छात्रों की रोजगार क्षमता बढ़ाने की रणनीतियों पर चर्चा की जाएगी। इस चर्चा के लिए AI और शिक्षा क्षेत्र के कई बड़े विशेषज्ञों को बुलाया गया है।
स्वदेशी AI पर किया जाएगा विचार
इनमें ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन (AICTE) के पूर्व अध्यक्ष प्रो. टीजी सीताराम, प्रो. अरुण सी मेहता और 'Sarvam AI' जैसी भारतीय कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हैं। ये इस बात का संकेत माना जा रहा है कि शिक्षा क्षेत्र में स्वदेशी AI समाधानों की भूमिका और उनके उपयोग की संभावनाओं पर भी गंभीरता से विचार किया जाएगा।