मणिपुर के उखरुल जिला में हालात एक बार फिर बिगड़ गए हैं। हथियारबंद उग्रवादियों ने कई घरों में आग लगा दी और खुलेआम गोलीबारी की। यह घटना तांगखुल नगा समुदाय के एक व्यक्ति पर हमले के बाद बढ़े तनाव के बीच सामने आई। हालात को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।
इंटरनेट बंद, हालात काबू में लाने की कोशिश
हिंसा और अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए मणिपुर सरकार ने उखरुल जिले में 5 दिनों के लिए इंटरनेट सेवाएं सस्पेंड कर दी हैं। ब्रॉडबैंड, वीपीएन और वी-सैट से चलने वाली सभी सेवाएं बंद कर दी गई हैं। प्रशासन का कहना है कि सोशल मीडिया के जरिए भड़काऊ संदेश फैलने से रोकना इस फैसले की मुख्य वजह है।
कर्फ्यू और भारी पुलिस तैनाती
पुलिस के मुताबिक लिटान सारेइखोंग इलाके में यह घटना उस वक्त हुई, जब एक दिन पहले तांगखुल नगा संगठनों ने उखरुल और कामजोंग जिलों में कुकी समुदाय की आवाजाही पर पाबंदी लगाई थी। हालात बिगड़ते देख पूरे जिले में कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। भारी संख्या में सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं और संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है।
गोलीबारी और आगजनी की पुष्टि
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सशस्त्र लोगों ने लिटान सारेइखोंग में खाली पड़े कई मकानों को निशाना बनाया। पहले गोलीबारी की गई और फिर आग लगा दी गई। अधिकारी के मुताबिक स्थिति अब भी तनावपूर्ण बनी हुई है और सुरक्षाबल हालात पर पूरी तरह नियंत्रण पाने की कोशिश कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : भारत-पाक मैच पर टूटा सस्पेंस, 15 फरवरी को होगा महामुकाबला, BCCI ने पहली बार बताया किसने सुलझाया विवाद
स्थानीय लोगों का गुस्सा
अपने घर छोड़कर भाग रहे स्थानीय लोगों में सुरक्षाबलों को लेकर नाराजगी भी देखी गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि गोलीबारी रोकने में सुरक्षा व्यवस्था नाकाम रही। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पहाड़ी इलाकों से घना धुआं उठता दिख रहा है, जिससे हालात की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
21 मकान जल चुके, पलायन जारी
पिछले 2 दिनों में लिटान सारेइखोंग और आसपास के इलाकों से सैकड़ों लोग, जिनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं, सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर चुके हैं। कई परिवारों ने कांगपोकपी जिले के मोटबुंग और सैकुल इलाकों में शरण ली है। मणिपुर सरकार में मंत्री गोविंदास कोंथौजाम ने बताया कि अब तक कम से कम 21 मकान जल चुके हैं और हालात सामान्य होने में अभी समय लग सकता है।