फीफा विश्व कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में फ्रांस ने एक और शानदार प्रदर्शन करते हुए मोरक्को को 2-0 से हराकर अंतिम चार में जगह बना ली। बोस्टन स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में फ्रांस ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले हाफ में टीम को पेनल्टी मिली, लेकिन मोरक्को के गोलकीपर यासीन बोनो ने बेहतरीन बचाव करते हुए गोल नहीं होने दिया। इसके बावजूद फ्रांस ने दूसरे हाफ में वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
एम्बाप्पे ने फिर दिखाया कमाल
मैच का पहला गोल 60वें मिनट में कप्तान किलियन एम्बाप्पे ने किया। पेनल्टी एरिया के बाहर उन्हें डेसिरे डौए से पास मिला, जिसके बाद उन्होंने तीन डिफेंडरों के बीच से शानदार शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया। इस गोल ने फ्रांस को बढ़त दिलाई और टीम का आत्मविश्वास भी बढ़ा दिया। एम्बाप्पे का यह प्रदर्शन एक बार फिर बड़े मुकाबले में उनकी अहमियत साबित करता है।
डेम्बेले ने जीत पक्की की
पहले गोल के केवल छह मिनट बाद फ्रांस ने अपनी बढ़त दोगुनी कर दी। किलियन एम्बाप्पे के पास पर उस्मान डेम्बेले ने सटीक शॉट लगाकर दूसरा गोल किया। मोरक्को के गोलकीपर ने गेंद रोकने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। इसके बाद फ्रांस ने मैच पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा और मोरक्को को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
पूरे मैच में रहा फ्रांस का दबदबा
आंकड़ों पर नजर डालें तो मुकाबले में फ्रांस पूरी तरह हावी रहा। टीम ने पूरे मैच में 22 शॉट लगाए, जिनमें से 9 सीधे गोल की दिशा में रहे। दूसरी ओर मोरक्को केवल 5 शॉट ही लगा सका और उनमें से सिर्फ एक शॉट गोलपोस्ट तक पहुंच पाया। फ्रांस की मजबूत आक्रमण और अनुशासित रक्षापंक्ति के सामने मोरक्को की टीम संघर्ष करती नजर आई।
इसे भी पढ़ें : चेन्नई में होगा बिग बैश का मुकाबला, PM Mosi का ऐलान, खेल प्रेमियों की बल्ले-बल्ले !
गोल्डन बूट की दौड़ हुई रोमांचक
इस मुकाबले के बाद किलियन एम्बाप्पे के फीफा विश्व कप 2026 में कुल 8 गोल हो गए हैं। वह अब अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी के साथ गोल्डन बूट की दौड़ में संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए हैं। एम्बाप्पे अपने तीसरे विश्व कप में कुल 20 गोल कर चुके हैं, जबकि मेसी के नाम 21 विश्व कप गोल दर्ज हैं। सेमीफाइनल में अब सभी की नजर एम्बाप्पे पर होगी कि क्या वह फ्रांस को फाइनल तक पहुंचाने के साथ गोल्डन बूट की दौड़ में भी बढ़त बना पाते हैं।