Meerut murder case: मेरठ के कपसाड़ गांव में महिला की हत्या और बेटी के अपहरण के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार युवक और युवती को उत्तराखंड के रुड़की से बरामद कर लिया गया है। शुरुआती जांच में यह मामला ऑनर या जातिगत तनाव से ज्यादा प्रेम संबंधों से जुड़ा हुआ नजर आ रहा है, जिसने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया है।
रुड़की से बरामद हुए युवक-युवती
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद युवक लड़की को साथ लेकर ट्रेन से फरार हो गया था। दोनों को रुड़की में ट्रेस कर लिया गया और गंगनहर चौकी लाया गया। वहां से मेरठ पुलिस की टीम उन्हें लेने रवाना हुई। देर रात तक दोनों को मेरठ लाए जाने की तैयारी है, जहां आगे की पूछताछ होगी।
मां की हत्या का आरोप
जांच में सामने आया है कि लड़की की मां सुनीता की हत्या युवक ने की थी। हालांकि, पूछताछ के दौरान युवक और युवती दोनों ही एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। पुलिस इस विरोधाभासी बयानों की कड़ी जांच कर रही है ताकि हत्या के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
यह भी देखेंःMeerut Dalit massacre: मेरठ दलित हत्याकांड पर सियासत गरम, चुप्पी और सक्रियता के बीच उभरता नया नेतृत्व
जबरदस्ती के संकेत नहीं
बरामद की गई लड़की की उम्र करीब 21 साल बताई जा रही है और वह बालिग है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, लड़की ने फरार होने का विरोध नहीं किया था। इससे अपहरण की थ्योरी कमजोर पड़ती दिख रही है और मामला आपसी सहमति से साथ जाने का प्रतीत हो रहा है।
प्रेम संबंध बना वजह
प्रथमदृष्टया जांच में यह सामने आया है कि युवक और युवती के बीच प्रेम संबंध थे, जिसे दोनों परिवार स्वीकार नहीं कर रहे थे। फिलहाल जातिवाद या किसी अन्य सामाजिक तनाव की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अब हत्या के इरादे, परिस्थितियों और दोनों की भूमिका को केंद्र में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।