
Meerut News: मेरठ के सरधना क्षेत्र स्थित ज्वालागढ़ गांव में शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब शराब ठेके पर गिलास नहीं देने को लेकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक 39 वर्षीय कुलदीप, सलावा गांव निवासी था और शराब की दुकान पर सेल्समैन के रूप में काम करता था. पुलिस के मुताबिक, शाम छह बजे गांव का ही सुदेश उर्फ लाल्ला अपने एक साथी के साथ शराब खरीदने दुकान पर आया. जब दोनों ने कुलदीप से गिलास मांगा तो उसने देने से मना कर दिया. इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और आरोपी वहां से चला गया.
तमंचे से सीने पर मारी गोली, मौके पर ही मौत
करीब तीन घंटे बाद रात 9:30 बजे सुदेश फिर से 315 बोर के तमंचे के साथ मौके पर लौटा और भीड़ के बीच से कुलदीप को पकड़कर दुकान के बाहर खींच लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब तक कोई कुछ समझ पाता, सुदेश ने कुलदीप के सीने पर तमंचा सटाकर गोली चला दी. कुलदीप खून से लथपथ जमीन पर गिर गया. वहां मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने उसकी मदद नहीं की. बाद में स्टाफ के कुछ लोग उसे सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
गांव में आक्रोश, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
कुलदीप की मौत अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुई. पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए जीप से ले गई, जिस पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई कि शव को एंबुलेंस में ले जाना चाहिए था, न कि जीप में पैर मोड़कर. मौके पर पहुंचे फोरेंसिक दल ने जांच की, लेकिन दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे खराब मिले. फिलहाल पुलिस ने एक नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो टीमें गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं.