New Meta Glasses: मेटा ने अपने सबसे सस्ते स्मार्ट एआई (AI) ग्लासेस लॉन्च कर दिए हैं। यह एक ऐसा जादुई चश्मा है, जो बिना हाथ लगाए सीधे फोटो ले सकता है और वीडियो रिकॉर्ड भी कर सकता है। मेटा के अनुसार, उसने इन चश्मों में कम्फर्टेबल और तकनीक दोनों का पूरा ध्यान रखा है। आइए इस चश्मे की कीमत और इसके कमाल के फीचर्स के बारे में जानते हैं।
दिखने में बिल्कुल चश्मे जैसा
आपको बता दें कि इससे पहले मेटा ने 'Meta-Rayban' नाम से चश्मा निकाला था, लेकिन इस नए चश्मे पर मशहूर ब्रैंड RayBan का ब्रैंडिंग नहीं होगा। इस पर सिर्फ मेटा का नाम होगा। इसे बनाने वाली कंपनी 'EssilorLuxottica' ही है, जो रेबन के चश्मे भी बनाती है। लेकिन ब्रैंडिंग न होने की वजह से इसकी कीमत भी कम है। दिखने में यह बिल्कुल आपके आम चश्मे जैसा ही लगता है।
कितनी है कीमत
इस स्मार्ट एआई (AI) ग्लासेस की शुरुआती कीमत 299 डॉलर (यानी करीब 25,000 रुपये) रखी गई है। भारतीय बाजार में अभी इसके कीमत का ऐलान नहीं हुआ है और यह चश्मा भारत में कब लॉन्च होगा, अभी तक इसकी आधिकारिक तारीख अभी सामने नहीं आई है।
12 मेगापिक्सल का मिलता है कैमरा
इस चश्में में 12 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है, जिससे 1080p क्वालिटी में वीडियो रिकॉर्ड किए जा सकते हैं। फोटो और वीडियो सीधे फोन में ट्रांसफर करने के लिए आप वॉट्सऐप या इंस्टाग्राम पर तुरंत शेयर कर सकते हैं। आप सीधे अपने चश्मे से ही फेसबुक या इंस्टाग्राम पर लाइव स्ट्रीम कर सकते हैं।
म्यूजिक और कॉलिंग
ऑडियो के लिए इसमें ओपन-ईयर स्पीकर्स दिए गए हैं। यानी आपको कानों में अलग से इयरफोन लगाने की जरूरत नहीं है। आप चलते-फिरते गाने सुन सकते हैं और फोन पर बात भी कर सकते हैं। म्यूजिक सुनते हुए भी आपको आसपास की आवाजें सुनाई देती रहेंगी। साफ आवाज के लिए इसमें 5 माइक्रोफोन लगाए गए हैं।
यह भी पढ़ें: AI Data Centre: AI की दुनिया में Nvidia का बड़ा कमाल! बिना पानी और बिना पंखे के कूल रहेंगे AI डेटा सेंटर्स
देखकर बताने वाला AI असिस्टेंट
इन ग्लासेस में Meta AI को इंटीग्रेट किया गया है। आप "Hey Meta" बोलकर इससे कोई भी सवाल पूछ सकते हैं। इसका एआई (AI) इतना स्मार्ट है कि आप किसी चीज की तरफ देख रहे होंगे, तो यह कैमरे की मदद से उसे समझ जाएगा और आपको उसके बारे में जानकारी दे सकता है।
स्टोरेज और बैटरी
इसमें करीब 32GB की स्टोरेज दी गई है, जिसमें आप सैकड़ों फोटो-वीडियो सेव रख सकते हैं। इसकी बैटरी लगातार इस्तेमाल पर करीब 4 घंटे चलती है, जबकि साथ ही में मिलने वाला चार्जिंग केस इसे पूरे दिन चलाने में मदद करता है।
प्राइवेसी को लेकर चिंता
मेटा ने इसमें एक LED इंडिकेटर लाइट दी है, जो कैमरा ऑन होने पर जलता है। ताकि सामने वाले को पता चल सके कि रिकॉर्डिंग हो रही है। लेकिन एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह प्राइवेसी की गारंटी नहीं देता है। क्योंकि डेटा सिर्फ रिकॉर्ड नहीं होता है, बल्कि प्रोसेस भी होता है।