एशेज सीरीज 2025-26 की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के तूफानी प्रदर्शन के साथ हुई. पर्थ में खेले जा रहे पहले टेस्ट में स्टार्क ने इंग्लैंड की बैटिंग लाइन-अप को दोनों पारियों में मिलाकर 10 बार आउट किया पहली पारी में 7 और दूसरी में 3 विकेट लिए, स्टार्क की रफ्तार, स्विंग और आक्रामक लाइन ने इंग्लैंड के बल्लेबाजों को सांस लेने तक का मौका नहीं दिया. मैदान पर हर ओवर एक नए खतरे की तरह सामने आ रहा था, और इंग्लैंड टीम पूरी तरह दहशत में दिखाई दी. स्टार्क की गेंदबाजी ने इस मैच को पूरी तरह ऑस्ट्रेलिया के नाम कर दिया.
35 साल बाद टूट गया एशेज का रिकॉर्ड
स्टार्क की यह परफॉर्मेंस सिर्फ शानदार नहीं, बल्कि एशेज इतिहास में एक बड़ा रिकॉर्ड भी लेकर आई। 35 साल बाद किसी ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने एशेज टेस्ट की दोनों पारियों में कुल 10 विकेट लेने का बड़ा कारनामा किया। इससे पहले 1990-91 में क्रेग मैकडरमॉट ने 11 विकेट झटके थे, और उसके बाद तीन दशकों से ज्यादा समय तक यह रिकॉर्ड कोई नहीं तोड़ पाया था। मिचेल स्टार्क ने न सिर्फ इस सूखे को खत्म किया, बल्कि दुनिया को फिर दिखा दिया कि वह एशेज जैसे बड़े मंच के लिए बने हैं।
WTC में भी रचा इतिहास, बने तीसरे गेंदबाज
स्टार्क के लिए यह मैच एक और बड़ी उपलब्धि लेकर आया वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 200 विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए यानी स्टार्क अब सिर्फ एशेज के हीरो नहीं, बल्कि टेस्ट क्रिकेट के टॉप बॉलर्स की लिस्ट में मजबूती से खड़े हैं। इस उपलब्धि ने उनके करियर को और ऊंचाई दी है, वहीं ऑस्ट्रेलिया के लिए आगे की टेस्ट सीरीज में एक बड़ा भरोसा भी बढ़ाया है।
इसे भी पढ़ें : Vaibhav ने Pakistan, Bangladesh और पूरे एशिया को दिखाया असली तूफान, यकीन नहीं तो ये रिपोर्ट पढ़ लीजिए !
बल्लेबाजों की हालत खराब
मैच में दोनों टीमों की बल्लेबाजी बुरी तरह संघर्ष करती रही। इंग्लैंड पहली पारी में सिर्फ 172 पर सिमटा और ऑस्ट्रेलिया भी 132 पर ढेर हो गया। दूसरी पारी में इंग्लैंड ने सिर्फ 164 रन बनाए, जिससे ऑस्ट्रेलिया को 205 रनों का लक्ष्य मिला। हालांकि पूरे मैच में जो एक नाम सबसे ज्यादा गूंजा, वह था मिचेल स्टार्क। उनकी गेंदें कभी तेज यॉर्कर बनकर आईं, कभी बाउंसर बनकर सिर के ऊपर से निकलीं और कभी ऐसी स्विंग लेकर आईं कि बल्लेबाज क्रीज पर जम ही नहीं पाए। स्टार्क के इस तूफानी स्पेल ने एशेज के पहले ही मैच में साफ कर दिया कि यह सीरीज अब उन्हीं के इर्द-गिर्द घूमने वाली है।