Mobile Users: देशभर के मोबाइल उपभोक्ताओं के लिए 2026 की शुरुआत महंगाई का नया झटका लेकर आ सकती है। टेलीकॉम सेक्टर से जुड़ी रिपोर्ट्स के मुताबिक रिलायंस जियो, भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया अपने रिचार्ज प्लान्स की कीमतों में 16 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की तैयारी कर रही हैं। अगर ऐसा हुआ तो आज 299 रुपये में मिलने वाला प्लान 359 रुपये तक पहुंच सकता है। खासतौर पर प्रीपेड और 5G यूजर्स पर इसका सीधा असर पड़ेगा। पिछली बार टैरिफ में बढ़ोतरी जुलाई 2023 में हुई थी और अब दो साल बाद एक बार फिर रिचार्ज महंगे होने के संकेत मिल रहे हैं।
क्यों बढ़ेंगी रिचार्ज की कीमतें
रिसर्च रिपोर्ट्स के अनुसार टेलीकॉम कंपनियां अपनी प्रति यूजर औसत कमाई यानी ARPU बढ़ाने के लिए टैरिफ हाइक की योजना बना रही हैं। 5G नेटवर्क पर भारी निवेश और बढ़ती ऑपरेशनल लागत के चलते कंपनियां कीमतें बढ़ाना जरूरी मान रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि हर दो से तीन साल में टैरिफ बढ़ाना अब टेलीकॉम इंडस्ट्री का एक तय पैटर्न बन चुका है। इसी रणनीति के तहत 2026 में नई कीमतें लागू की जा सकती हैं।
Jio, Airtel और Vi पर कितना पड़ेगा असर
अनुमानों के मुताबिक जियो का 299 रुपये वाला 1.5GB डेली डेटा प्लान बढ़कर करीब 359 रुपये हो सकता है। एयरटेल का 28 दिन वाला अनलिमिटेड 5G प्लान 319 रुपये से बढ़कर 419 रुपये तक जा सकता है। वहीं वोडाफोन आइडिया के मिड-रेंज प्लान्स भी महंगे होंगे, जहां 340 रुपये वाला प्लान 419 रुपये और 579 रुपये वाला प्लान 699 रुपये तक पहुंच सकता है। इसके अलावा कंपनियां सीधे दाम बढ़ाने के बजाय वैलिडिटी घटाकर या बेनिफिट्स कम करके भी यूजर्स से ज्यादा रकम वसूल सकती हैं। कुल मिलाकर नए साल में मोबाइल बिल हर महीने 80 से 100 रुपये तक बढ़ सकता है, जिससे आम यूजर्स की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ना तय माना जा रहा है।