
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अगस्त 2025 को अपनी दो दिवसीय जापान यात्रा के लिए टोक्यो पहुंचे जहां उनका भव्य स्वागत हुआ. भारतीय समुदाय के उत्साह के बीच जापानी महिलाओं ने भारतीय परंपरा की अनूठी छटा बिखेरी. राजस्थानी पोशाक में सजी इन महिलाओं ने राजस्थानी लोकगीत गाकर पीएम मोदी का स्वागत किया जिसने सभी का दिल जीत लिया. इस पल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जो भारत-जापान के सांस्कृतिक जुड़ाव को दर्शाता है.
राजस्थानी भजन से गूंजा टोक्यो
स्वागत समारोह में एक जापानी महिला मधु ने बताया कि उन्होंने हिंदी में पीएम मोदी का अभिवादन किया. जब पीएम ने उनसे गाने के बारे में पूछा, तो उन्होंने एक मधुर राजस्थानी भजन सुनाया. यह पल भारत की सांस्कृतिक विरासत और जापान के आतिथ्य का खूबसूरत संगम था. इस अनूठे स्वागत ने न केवल भारतीय समुदाय को गौरवान्वित किया, बल्कि जापानी लोगों की भारतीय संस्कृति के प्रति गहरी रुचि को भी उजागर किया.
ये भी पढ़ें : India-Japan की ‘जबरा’ दोस्ती! PM Modi पहुंचे जापान, भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर कह दी बड़ी बात
पीएम मोदी और जापान के पीएम की अहम मुलाकात
विदेश मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि पीएम मोदी जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा के साथ टोक्यो में महत्वपूर्ण चर्चा करेंगे. यह मुलाकात भारत-जापान साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी. पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के सभ्यतागत और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करेगी. 29-30 अगस्त की इस यात्रा में वार्षिक शिखर वार्ता भी होगी जिसमें द्विपक्षीय संबंधों पर गहन विचार-विमर्श होगा.
जापान के बाद चीन का दौरा
जापान यात्रा के बाद पीएम मोदी 31 अगस्त से 1 सितंबर तक चीन के तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. यह उनका सात साल बाद पहला चीन दौरा होगा और 2020 की गलवान घाटी झड़प के बाद पहली यात्रा होगी. यह दौरा भारत-चीन संबंधों के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.