
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दो दिवसीय जापान दौरे पर भारत-जापान संयुक्त आर्थिक मंच को संबोधित करते हुए दोनों देशों की मजबूत साझेदारी को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि मेट्रो परियोजनाओं, विनिर्माण, सेमीकंडक्टर और स्टार्टअप तक, जापान ने भारत के साथ मिलकर विश्वास की मजबूत नींव बनाई है. पीएम मोदी ने कहा, "भारत की विकास यात्रा में जापान हमेशा एक भरोसेमंद साझेदार रहा है. हमारी यह साझेदारी आपसी विश्वास का प्रतीक है."
‘भारत निवेश का सबसे बेहतर ठिकाना’
प्रधानमंत्री ने भारत को निवेश के लिए दुनिया का सबसे आकर्षक ठिकाना बताया. उन्होंने कहा, "भारत में आज राजनीतिक और आर्थिक स्थिरता है, नीतियों में पारदर्शिता है. जल्द ही भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा. यह बदलाव हमारी 'रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफॉर्म' की नीति का नतीजा है." उन्होंने जापानी निवेशकों को न्योता देते हुए कहा, "आइए, भारत में निर्माण करें विश्व के लिए निर्माण करें."
जापानी पीएम ने भी की तारीफ
जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा ने कहा, "जापान की आधुनिक तकनीक और भारत की प्रतिभा एक-दूसरे की पूरक हैं. इससे दोनों देशों के आर्थिक रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं." पीएम मोदी ने बताया कि जापानी कंपनियों ने भारत में 40 अरब डॉलर से अधिक का निवेश किया है. उन्होंने कहा, "भारत में पूंजी सिर्फ बढ़ती नहीं, कई गुना हो जाती है."
ये भी पढ़ें : Ravan की ससुराल में कब्जे की जंग, पुलिस की मौजूदगी में होगा अब ये काम!
11 साल में भारत का कायाकल्प
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 11 सालों में भारत में अभूतपूर्व बदलाव हुए हैं. उन्होंने जोड़ा, "80% कंपनियां भारत में विस्तार चाहती हैं और 75% पहले से लाभ कमा रही हैं. भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है."
मोदी का जापान दौरा क्यों है खास?
पीएम मोदी जापानी पीएम के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे. जिसमें रक्षा, व्यापार, निवेश और अवसंरचना पर चर्चा होगी. वो टोक्यो इलेक्ट्रॉन फैक्ट्री और सेंदाइ के तोहोकू शिंकानसेन प्लांट का दौरा करेंगे जहां बुलेट ट्रेन के कोच बनते हैं. मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन के लिए E10 बुलेट ट्रेनों की खरीद पर भी बात हो सकती है.
8वीं बार जापान का दौरा कर रहे हैं पीएम मोदी
यह पीएम मोदी का 8वां जापान दौरा है. टोक्यो पहुंचते ही स्थानीय कलाकारों ने राजस्थानी परिधानों में उनका स्वागत किया और भजन गाया. उन्होंने प्रवासी भारतीयों से भी मुलाकात की. अमेरिका के 50% टैरिफ के बाद यह दौरा भारत की रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए अहम है. जापान दौरे के दो दिन बाद पीएम मोदी चीन रवाना होंगे.