लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल के लोकार्पण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2014 से पहले भाजपा को अछूत की तरह देखा जाता था, लेकिन उनकी सरकार ने हमेशा सम्मान की राजनीति की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता और पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी को भारत रत्न दिया गया, मुलायम सिंह यादव को सम्मान मिला। यह दिखाता है कि भाजपा के संस्कार किसी का अपमान करने के नहीं, बल्कि सभी को सम्मान देने के हैं।
परिवारवाद पर सीधा हमला
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2014 से पहले देश की योजनाओं, किताबों और शहरों में सिर्फ एक ही परिवार का गुणगान होता था। सड़कें हों, मूर्तियां हों या योजनाएं, हर जगह एक ही परिवार को आगे बढ़ाया गया। भाजपा ने देश को परिवारवाद की राजनीति से बाहर निकाला। उन्होंने कहा कि आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस और डॉ. भीमराव आंबेडकर जैसे महापुरुषों को उनका सम्मान मिल रहा है, जिनकी विरासत को कांग्रेस और सपा ने दबाने का काम किया।
अटल जी और सुशासन की विरासत
प्रधानमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने सुशासन को सही मायने में जमीन पर उतारा। टेलीकॉम सेक्टर का विस्तार, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और दिल्ली मेट्रो की शुरुआत अटल जी की दूरदर्शिता का उदाहरण हैं। उन्होंने बताया कि अब तक गांवों में लाखों किलोमीटर सड़कों का निर्माण हुआ है और यूपी एक्सप्रेसवे के मामले में देश में पहचान बना रहा है।
इसे भी पढ़ें : खेल रत्न की दौड़ में Hockey स्टार आगे, Hardik Singh का नाम तय, क्रिकेट चैंपियन बाहर, चयन ने बढ़ाई बहस
राष्ट्र प्रेरणा स्थल और विकास का संकल्प
पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल आत्मसम्मान, सेवा और राष्ट्रनिर्माण का प्रतीक है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि धारा 370 हटाकर उनका सपना पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि बीते एक दशक में करोड़ों लोगों ने गरीबी को हराया है और सबका प्रयास ही विकसित भारत की नींव बनेगा।