टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर Ravindra Jadeja ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री Narendra Modi से मुलाकात की। इस दौरान उनकी पत्नी रिवाबा जडेजा भी उनके साथ मौजूद रहीं। यह मुलाकात काफी सौहार्दपूर्ण रही और सोशल मीडिया पर भी इसकी खूब चर्चा हो रही है। क्रिकेट और राजनीति, दोनों दुनियाओं की यह मुलाकात लोगों के लिए खास बन गई।
जडेजा ने तस्वीरें कीं साझा
रविंद्र जडेजा ने इस मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर कीं। इसके साथ उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलना और उनसे बातचीत करना उनके लिए सम्मान की बात है। जडेजा ने पीएम मोदी की साफ सोच, ऊर्जा और काम के प्रति समर्पण की तारीफ की और कहा कि ऐसी लीडरशिप से बहुत कुछ सीखने को मिलता है। उनका यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गया।
रिवाबा जडेजा की अलग पहचान
इस मुलाकात में रिवाबा जडेजा साड़ी में नजर आईं और उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को शॉल भेंट किया। रिवाबा सिर्फ एक क्रिकेटर की पत्नी नहीं हैं, बल्कि राजनीति में भी मजबूत पहचान रखती हैं। वह 2022 के गुजरात विधानसभा चुनाव में जामनगर उत्तर सीट से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर विधायक चुनी गई थीं। इसके बाद उन्हें गुजरात सरकार में राज्य मंत्री बनाया गया।
शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी
रिवाबा जडेजा ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और अब वह राजनीति के मैदान में सक्रिय हैं। उन्हें 17 अक्टूबर को गुजरात मंत्रिमंडल में राज्य मंत्री के तौर पर शपथ दिलाई गई थी। फिलहाल उनके पास शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी है। इस वजह से भी पीएम मोदी से उनकी मुलाकात को अहम माना जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : BCCI का चौंकाने वाला फैसला, सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में Axar Patel क्यों हुए डिमोट, फैंस और दिग्गजों ने उठाए सवाल?
बीसीसीआई ने दिया ए ग्रेड कॉन्ट्रैक्ट
क्रिकेट की बात करें तो Board of Control for Cricket in India ने 2025-26 सीजन के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में रविंद्र जडेजा को ए ग्रेड में जगह दी है। इस ग्रेड में उनके साथ शुभमन गिल और जसप्रीत बुमराह जैसे बड़े नाम शामिल हैं। यह जडेजा के अनुभव और योगदान का साफ संकेत माना जा रहा है।
टेस्ट-वनडे में अहम भूमिका
रविंद्र जडेजा टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब टेस्ट व वनडे पर पूरा फोकस है। टेस्ट क्रिकेट में वह टीम इंडिया के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। हालांकि वनडे में वह पिछले कुछ समय से रन और विकेट के लिए संघर्ष करते दिखे हैं। इसके बावजूद बोर्ड का भरोसा उन पर कायम है, और यही वजह है कि जडेजा एक बार फिर चर्चा में हैं।