
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में टीडीएस लिथियम-आयन बैटरी संयंत्र का उद्घाटन किया. यह संयंत्र भारत में हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड बनाने का काम करेगा. इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत की मेक इन इंडिया यात्रा में एक नया अध्याय जुड़ रहा है. उन्होंने इसे मेक इन इंडिया और मेकिंग फॉर द वर्ल्ड की दिशा में एक अहम कदम बताया. पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले समय में भारत में बने इलेक्ट्रिक वाहन (EVs) 100 से ज्यादा देशों में निर्यात किए जाएंगे. यह दिन न सिर्फ भारत के लिए बल्कि भारत-जापान की दोस्ती के लिए भी ऐतिहासिक है. प्रधानमंत्री ने इस मौके पर सभी देशवासियों के साथ जापान और सुज़ुकी कंपनी को बधाई दी.
भारत और जापान की मजबूत दोस्ती
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के पास Democracy (लोकतंत्र) की ताकत है, Demography (जनसंख्या का लाभ) है और साथ ही Skilled Workforce (कुशल मानव संसाधन) का बड़ा पूल है. यही कारण है कि भारत हर पार्टनर देश के लिए Win-Win Situation बनाता है. आज जापान की कंपनी सुज़ुकी भारत में कारें बना रही है और वही गाड़ियां वापस जापान एक्सपोर्ट हो रही हैं. यह भारत-जापान के रिश्तों की मजबूती और भारत की बढ़ती ग्लोबल साख का प्रमाण है. पीएम मोदी ने कहा कि भारत पर दुनिया का भरोसा लगातार बढ़ रहा है और इसमें जापानी कंपनियों का योगदान सराहनीय है.
ये भी पढ़ें : चुनावी साल में Nitish का मास्टरस्ट्रोक, औद्योगिक पैकेज से खुलेगी रोजगार की राह
मेक इन इंडिया की सफलता
पीएम मोदी ने बताया कि मारुति सुज़ुकी जैसी कंपनियां आज मेक इन इंडिया की ब्रांड एंबेसडर बन चुकी हैं. लगातार चार साल से मारुति भारत की सबसे बड़ी कार एक्सपोर्टर है. अब इसी स्तर पर भारत इलेक्ट्रिक व्हीकल एक्सपोर्ट को भी ले जाने की तैयारी कर रहा है. आने वाले समय में दुनिया के कई देशों में जब ईवी दौड़ेगी तो उस पर लिखा होगा Made in India.
बैटरी मैन्युफैक्चरिंग में बड़ी छलांग
पीएम मोदी ने कहा कि ईवी इकोसिस्टम का सबसे अहम हिस्सा बैटरी है. कुछ साल पहले तक बैटरी पूरी तरह से इंपोर्ट करनी पड़ती थी, लेकिन 2017 में टीडीएसजी बैटरी प्लांट की नींव रखी गई. अब तीन जापानी कंपनियां मिलकर भारत में पहली बार बैटरी सेल का उत्पादन कर रही हैं. उन्होंने बताया कि पहले इलेक्ट्रिक वाहनों को केवल एक विकल्प के रूप में देखा जाता था, लेकिन अब यह कई समस्याओं का ठोस समाधान बन रहा है. पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब ऐसे समय में है, जब पुरानी गाड़ियों और एंबुलेंस तक को हाइब्रिड ईवी में बदला जा सकता है. उन्होंने यह भी बताया कि मारुति सुज़ुकी ने इस चुनौती को स्वीकार किया है और एक हाइब्रिड एंबुलेंस का प्रोटोटाइप तैयार कर लिया है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज से भारत एक नए सफर की शुरुआत कर रहा है. ईवी एक्सपोर्ट, बैटरी मैन्युफैक्चरिंग और ग्लोबल कंपनियों के साथ साझेदारी यह दिखाती है कि भारत अब सिर्फ उपभोक्ता नहीं, बल्कि तकनीक और मैन्युफैक्चरिंग में दुनिया का भरोसेमंद भागीदार बन चुका है.