
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के टी20 ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज ने ट्राई सीरीज के फाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ ऐसा प्रदर्शन किया कि क्रिकेट जगत हैरान रह गया। रविवार (7 सितंबर) को शारजाह में खेले गए इस मुकाबले में नवाज ने न सिर्फ हैट्रिक ली बल्कि 5 विकेट चटकाकर पाकिस्तान को एकतरफा जीत दिलाई। उनकी घातक गेंदबाजी के सामने अफगानिस्तान की टीम महज 66 रन पर सिमट गई और पाकिस्तान ने खिताब अपने नाम कर लिया।
मैच का हाल
पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर सिर्फ 141 रन ही बना सकी। यह लक्ष्य देखने में छोटा लग रहा था, लेकिन मोहम्मद नवाज ने अफगान बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी। उन्होंने अपने 4 ओवर में केवल 19 रन दिए और 5 विकेट हासिल किए। पाकिस्तान ने यह मुकाबला 75 रन से जीत लिया और एशिया कप से पहले शानदार लय में नजर आया।
नवाज की हैट्रिक कैसे हुई?
नवाज ने अपनी हैट्रिक दो ओवर में पूरी की। 5.5 ओवर में उन्होंने दरवेश रसूली को एलबीडब्ल्यू कर पहला शिकार बनाया। अगली गेंद पर अजमतुल्लाह उमरजई को शून्य पर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद अगले ओवर की पहली गेंद पर इब्राहिम जादरान को 9 रन पर आउट कर हैट्रिक पूरी की। इसके साथ ही वे टी20 इंटरनेशनल में हैट्रिक लेने वाले पाकिस्तान के तीसरे गेंदबाज बन गए। उनसे पहले फहीम अशरफ और मोहम्मद हसनैन यह कारनामा कर चुके हैं।
ये भी पढ़ें : Nitish का मास्टरस्ट्रोक, Rajpur से Santosh Nirala मैदान में, परंपरागत सीटों पर समझौता नहीं करेगी JDU
करियर का बेस्ट प्रदर्शन
71 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके मोहम्मद नवाज ने अब तक 70 विकेट लिए हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ फाइनल में 19 रन देकर 5 विकेट उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इससे पहले उनका बेस्ट आंकड़ा 2022 में हांगकांग के खिलाफ 5 रन देकर 3 विकेट का था।
एशिया कप से पहले बड़ा संदेश
नवाज की हैट्रिक और गेंदबाजी ने पाकिस्तान को मजबूती दी है। छोटे लक्ष्य की रक्षा करना आसान नहीं होता, लेकिन उन्होंने अपने जादुई स्पैल से मैच पलट दिया। यह जीत पाकिस्तान के आत्मविश्वास को दोगुना करने वाली साबित हुई है और एशिया कप 2025 से पहले टीम ने खिताब जीतकर अपने इरादे साफ कर दिए हैं।