
4 अक्टूबर की शाम बीसीसीआई ने टीम इंडिया का नया ब्लूप्रिंट पेश किया. BCCI ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की टीम का ऐलान किया लेकिन सबसे बड़ा सवाल जिसने हर फैन को हैरान कर दिया, कि क्या मोहम्मद शमी का करियर अब खत्म हो गया, क्योंकि इस बार न शमी का नाम टीम में है, न ही रवींद्र जडेजा को शामिल किया गया है. इतना ही नहीं, वरुण चक्रवर्ती को भी टीम से बाहर कर दिया गया है. वहीं कप्तानी की कमान अब पूरी तरह शुभमन गिल के हाथों में है जिसने ये साफ कर दिया है कि टीम इंडिया अब नए दौर में कदम रख रही है जहां रोहित और शमी जैसे सीनियर खिलाड़ियों की जगह अब युवाओं को मौका दिया जा रहा है.
शुभमन गिल कप्तान, श्रेयस अय्यर बने डिप्टी
बता दें शुभमन गिल ऑस्ट्रेलिया दौरे में वनडे टीम के कप्तान होंगे और उनके डिप्टी श्रेयस अय्यर बने हैं, जबकि रोहित शर्मा अब सिर्फ बतौर बल्लेबाज टीम में शामिल होंगे. चयन समिति ने कई चौंकाने वाले फैसले लिए हैं यशस्वी जायसवाल, मोहम्मद सिराज, नितीश कुमार रेड्डी और ध्रुव जुरेल को टीम में जगह दी गई है. सिराज की वापसी खास रही क्योंकि उन्हें चैंपियंस ट्रॉफी टीम से ड्रॉप कर दिया गया था लेकिन अब उन्होंने शानदार फॉर्म से दोबारा जगह बना ली है. वहीं, रेड्डी पहली बार वनडे टीम में चुने गए हैं. उधर, पंत और हार्दिक पंड्या चोट के कारण बाहर हैं, जबकि शमी और जडेजा को आराम के नाम पर टीम से हटा दिया गया है और यही बात अब फैंस के मन में सवाल खड़ा कर रही है कि क्या ये आराम है या संकेत किसी अंत का?
शमी के न होने पर भड़का फैंस का गुस्सा !
बीसीसीआई के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने जडेजा को बाहर करने की वजह बताते हुए कहा हम ऑस्ट्रेलिया में सिर्फ एक लेफ्ट-आर्म स्पिनर ले सकते थे, इसलिए बैलेंस के लिए ये फैसला जरूरी था. मगर यही तर्क शमी के लिए नहीं दिया गया. उनके बाहर होने पर अगरकर ने गोलमोल जवाब दिया और कहा कि टीम को कुछ नए कॉम्बिनेशन ट्राय करने हैं. अब फैंस पूछ रहे हैं जब शमी वर्ल्ड क्लास फॉर्म में हैं, तो उन्हें क्यों बाहर किया गया? यही नहीं, वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट में जडेजा के ऑलराउंड प्रदर्शन के बाद उनका बाहर होना भी समझ से परे है. ऐसा लगता है कि चयनकर्ताओं ने अब टीम इंडिया में युवाओं के प्रयोग का नया दौर शुरू कर दिया है, और पुराने घोड़े धीरे-धीरे रेस से बाहर किए जा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें : BCCI ने एक फैसले से उड़ी फैंस की नींद, वर्ल्ड कप से पहले पलटेगा Team India का सीन, जो कहा वो जानकर माथा ठनक जाएगा !
युवा खिलाड़ियों को टीम में तरजीह दी गई !
अगर देखा जाए तो इस बार टीम इंडिया में युवा जोश की बाढ़ है. गेंदबाजी की जिम्मेदारी सिराज, अर्शदीप, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा पर होगी, जबकि बल्लेबाजी में गिल, कोहली, राहुल और यशस्वी की तिकड़ी मैदान पर धमाल मचाने को तैयार है लेकिन इस टीम में सबसे ज्यादा चर्चित नाम वही हैं जो नहीं हैं शमी, जडेजा और हार्दिक पंड्या क्योंकि हर बार की तरह इस बार भी चयनकर्ताओं ने आराम का बहाना देकर भारत के सबसे भरोसेमंद गेंदबाज को बाहर कर दिया.