टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पिछले कुछ वर्षों से लगातार वृंदावन जाकर प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद ले रहे हैं। कई बार उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा और दोनों बच्चे भी उनके साथ नजर आए हैं। विराट के इस आध्यात्मिक सफर को लेकर अक्सर चर्चा होती रहती है। अब तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि इसमें किसी को भी आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
'कोहली जुनूनी इंसान हैं'
एक बातचीत के दौरान मोहम्मद शमी से विराट कोहली के बार-बार प्रेमानंद महाराज के पास जाने को लेकर सवाल किया गया। इस पर शमी ने कहा कि विराट अपने काम और जीवन को बेहद अनुशासन के साथ जीते हैं। उन्होंने कहा कि कोहली हर चीज को व्यवस्थित रखने वाले इंसान हैं और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर किसी को सवाल नहीं उठाना चाहिए।
शमी ने कहा, "अच्छी बात है। कोहली जुनूनी हैं। वह अपनी चीजों के लिए समय देते हैं और सब कुछ सिस्टम से रखते हैं। उनके कमरे का जो वीडियो वायरल हुआ था, उसमें भी हर सामान बेहद व्यवस्थित दिख रहा था। जहां तक महाराज के पास जाने की बात है, मुझे नहीं लगता कि किसी को इससे कोई आपत्ति होनी चाहिए या इसे लेकर किसी को कुछ कहने की जरूरत है।"
अनुष्का शर्मा को लेकर भी दिया जवाब
जब शमी से पूछा गया कि क्या अनुष्का शर्मा की वजह से विराट का आध्यात्म की ओर झुकाव बढ़ा है, तो उन्होंने इसे पूरी तरह निजी फैसला बताया। शमी ने कहा कि अगर पति-पत्नी साथ में किसी धार्मिक या आध्यात्मिक स्थान पर जाते हैं तो इसमें कोई गलत बात नहीं है।
उन्होंने कहा, "अगर दोनों साथ में ऐसा करते हैं तो इसमें दिक्कत क्या है? समझ नहीं आता कि लोग इसे क्यों मुद्दा बनाते हैं। अगर कोई अच्छी बात के लिए प्रेरित करता है और आप उसे अपनाते हैं, तो इसमें गलत क्या है?"
लंबे समय से चर्चा में हैं विराट के दौरे
पिछले कुछ वर्षों में विराट कोहली कई बार प्रेमानंद महाराज से मिलने वृंदावन पहुंचे हैं। कठिन दौर में भी उन्होंने महाराज से मुलाकात की थी। कई मौकों पर अनुष्का शर्मा और उनके बच्चे भी उनके साथ नजर आए हैं। विराट का आध्यात्म की ओर बढ़ता रुझान लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है।
इसे भी पढ़ें : इंग्लैंड-आयरलैंड में हार के बाद होने वाली समीक्षा बैठक टली, सामने आई बड़ी वजह
टीम से बाहर चल रहे हैं शमी
दूसरी ओर मोहम्मद शमी फिलहाल टीम इंडिया से बाहर हैं। श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए जसप्रीत बुमराह के चोटिल होने के बाद उनकी वापसी की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन चयनकर्ताओं ने उनकी जगह युवा तेज गेंदबाज आकिब नबी को मौका दिया। ऐसे में शमी की टीम इंडिया में वापसी को लेकर चर्चाएं लगातार जारी हैं। 64 टेस्ट, 108 वनडे और 25 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले शमी भारत के लिए क्रमशः 229, 206 और 27 विकेट ले चुके हैं।