Indian Weather Report: देश के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में मानसून पहुंच सकता है। इसके साथ ही गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के शेष हिस्सों में भी मानसून के सक्रिय होने की संभावना है। आने वाले दिनों में कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
उत्तर भारत में बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां
मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर-पश्चिम भारत में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं, गरज-चमक और आंधी-तूफान का दौर जारी रहेगा। हिमाचल प्रदेश में 30 जून तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी बारिश का असर देखने को मिल सकता है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में 27 जून से 1 जुलाई के बीच कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं।
मध्य और पश्चिम भारत में भी अलर्ट
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। वहीं कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी 30 जून तक मूसलाधार बारिश का अनुमान है। गुजरात में भी मानसून के मजबूत होने के साथ कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर और पूर्वी राज्यों में जारी रहेगा बारिश का दौर
बिहार, झारखंड और पूर्वोत्तर राज्यों में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने की संभावना है। बिहार में 27 और 28 जून को कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में 29 जून तक तेज बारिश का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने जिन इलाकों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है, वहां लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। निचले इलाकों में जलभराव, तेज हवाओं और बिजली गिरने जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है। प्रशासन को भी संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।