Mumbai Inflation : मुंबई में 1 सितंबर से आम लोगों के खर्च का हिसाब बिगड़ गया है। दूध, CNG-PNG और ऑटो-टैक्सी किराए में एक साथ बढ़ोतरी ने घरेलू बजट पर सीधा असर डाला है। गैस की कीमतें बढ़ने के पीछे पश्चिम एशिया का तनाव और महंगी गैस आयात लागत बताई जा रही है, जबकि परिवहन और दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की अलग-अलग वजहें हैं।
CNG और PNG के दाम बढ़े
महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने मुंबई और आसपास के इलाकों में CNG की कीमत 2 रुपये प्रति किलो बढ़ा दी है। अब CNG 88 रुपये प्रति किलो मिलेगी। वहीं घरेलू PNG भी 1 रुपये प्रति SCM महंगी हो गई है। नई दरें 1 सितंबर से लागू हो गई हैं। कंपनी के मुताबिक, पश्चिम एशिया में तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय गैस कीमतों में बढ़ोतरी हुई है और महंगे स्पॉट RLNG के आयात से लागत बढ़ी है।
लाखों उपभोक्ताओं पर पड़ेगा असर
CNG की कीमत बढ़ने का असर मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, लातूर, धाराशिव और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में करीब 13 लाख CNG वाहन मालिकों पर पड़ने की उम्मीद है। वहीं लगभग 30 लाख घरेलू PNG उपभोक्ताओं को भी अब ज्यादा भुगतान करना होगा। ऐसे में रोजाना वाहन चलाने वाले लोगों के मासिक खर्च में सीधा इजाफा होगा।
ये भी पढ़ें : 8th Pay Commission में नौकरी का आखिरी मौका, 31 अगस्त के बाद बंद हो जाएगा आवेदन; सैलरी ₹1.8 लाख तक
ऑटो-टैक्सी का सफर भी महंगा
मुंबई में अब ऑटो का न्यूनतम किराया 27 रुपये हो गया है, जबकि काली-पीली टैक्सी का न्यूनतम किराया 33 रुपये कर दिया गया है। ऑटो का प्रति किलोमीटर किराया 17.14 से बढ़कर 18.22 रुपये और टैक्सी का 20.66 से बढ़कर 21.90 रुपये हो गया है। ड्राइवरों को मीटर नई दरों के अनुसार कैलिब्रेट कराने के लिए नवंबर के अंत तक का समय दिया गया है।
तबेले का दूध भी ₹102 लीटर
मुंबई में सबसे सीधा असर दूध की कीमत बढ़ने से पड़ेगा। तबेले का दूध अब 93 रुपये के बजाय 102 रुपये प्रति लीटर मिलेगा, यानी एक लीटर पर 9 रुपये ज्यादा देने होंगे। यह नई दर 28 फरवरी 2027 तक लागू रहने की बात कही गई है। दूध उत्पादकों का कहना है कि पशु आहार की कीमतों में करीब 25 फीसदी तक बढ़ोतरी होने के कारण दूध के दाम बढ़ाने पड़े हैं।