Auto-Reset Fraud: डिजिटल दुनिया ने जहां एक तरफ जिंदगी को आसान बनाया है, वहीं दूसरी ओर साइबर अपराधी भी ठगी के नए-नए तरीके ढूंढ रहे हैं। हाल ही में मुंबई में एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां स्कैमर्स ने फोन रिसेट कर एक व्यक्ति के अकाउंट से हजारों रुपये उड़ा लिए। जब तक पीड़ित को कुछ समझ आता, तब तक देर हो चुकी थी। इस फ्रॉड को 'ऑटो-रिसेट फ्रॉड'कहा जा रहा है। आइए जानते हैं इस फ्रॉड को कैसे अंजाम दिया गया और इससे बचने के लिए क्या सावधानी बरतनी चाहिए।
कैसे काम करता है यह 'Auto-Reset' स्कैम
आपको बता दें कि इस खतरनाक स्कैम की शुरुआत एक साधारण से मैसेज से होती है। स्कैमर्स व्हाट्सऐप, SMS, ईमेल या सोशल मीडिया के जरिए लिंक भेजकर लोगों को टारगेट करने की कोशिश करते हैं। जैसे ही आप उस लिंक पर क्लिक करते हैं, आपके फोन में एक छुपा हुआ खतरनाक वायरस मालवेयर डाउनलोड हो जाता है। एक बार मालवेयर इंस्टॉल होने के बाद फोन का पूरा कंट्रोल स्कैमर के पास चला जाता है और वो आपके सारे मैसेज और OTP देख सकते हैं। फ्रॉड के इस मामले में स्कैमर ने पीड़ित का फोन रिसेट कर दिया। इससे फोन की सारी ऐप्स और डेटा गायब हो गया। जब पीड़ित ने फोन ऑन कर देखा तो उसका अकाउंट खाली हो चुका था।
फ्रॉड से कैसे बचें?
- व्हाट्सऐप या मैसेज पर आए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
- सोशल मीडिया पर दिखने वाले भारी डिस्काउंट या 'फ्री' वाले लुभावने ऑफर्स के लालच में न पड़ें।
- कोई भी ऐप डाउनलोड करने के लिए गूगल प्ले स्टोर और ऐप्पल ऐप स्टोर का ही इस्तेमाल करें। किसी भी अनट्रस्टेड सोर्स से APK फाइल्स डाउनलोड करने की गलती न करें।
- फोन में इंस्टॉल्ड ऐप्स को दी गई परमिशन को रिव्यू करते रहें. अगर किसी ऐप ने गैर-जरूरी परमिशन ली है तो उसे डिनाई कर दें।
- मोबाइल ऐप्स और फोन के सॉफ्टवेयर को हमेशा अपडेटेड रखें।
यह भी पढ़ें: Tech Tips: इन 6 वजहों से तेजी से खत्म होती है आपके फोन की बैटरी! जानें बचाव के आसान तरीके
स्कैम से बचाने के लिए गूगल ला रहा है नया फीचर
आपको बता दें कि इस तरह के फ्रॉड से बचने के लिए गूगल एक बेहद काम का फीचर लेकर आ रहा है। यह नया फीचर एआई (AI) की मदद से फर्जी और स्कैम कॉल्स की पहचान करेगा। जब कोई स्कैमर आपकी जान-पहचान का व्यक्ति बनकर कॉल करेगा तो यह उसकी पहचान कर आपको अलर्ट कर देगा। वॉर्निंग मिलने पर आप कॉल डिस्कनेक्ट कर पाएंगे। सबसे पहले इसे पिक्सल डिवाइस के लिए रोलआउट किया जा रहा है।