Smartphone Battery Drain: आज के डिजिटल दौर में स्मार्टफोन हमारी जिंदगी का एक अनिवार्य हिस्सा बन चुका है। सुबह उठने से लेकर रात को सोने तक, बैंकिंग, सोशल मीडिया, ऑनलाइन पढ़ाई और मनोरंजन जैसे लगभग हर काम के लिए हम अपने फोन पर निर्भर हैं। लेकिन अक्सर स्मार्टफोन यूजर्स शिकायत करते हैं कि फोन की बैटरी बहुत जल्दी खत्म हो जाती है और इसे बार-बार चार्ज करना पड़ता है। इसकी वजह हमेशा बैटरी की खराबी नहीं होती, बल्कि हमारी कुछ गलत आदतें भी इसके लिए जिम्मेदार होती हैं। आइए जानते हैं उन गलतियों के बारे में जो आपके स्मार्टफोन की बैटरी लाइफ को तेजी से खत्म कर रही हैं।
स्क्रीन की ब्राइटनेस हमेशा 100% रखना
स्मार्टफोन का डिस्प्ले यानी स्क्रीन सबसे ज्यादा बैटरी की खपत करने वाले हिस्सों में से एक है। कई लोग अपने फोन की ब्राइटनेस को हमेशा फुल रखते हैं, जिससे फोन की बैटरी तेजी से खत्म होती है। फोन की बैटरी बचाने के लिए ऑटो-ब्राइटनेस फीचर का इस्तेमाल करें या जरूरत के हिसाब से स्क्रीन की रोशनी कम रखें।
बैकग्राउंड ऐप्स करें बंद
हम अक्सर कई ऐप्स खोलकर उन्हें बंद करना भूल जाते हैं। ये ऐप्स भले ही सामने दिखाई न दें, लेकिन बैकग्राउंड में लगातार एक्टिव रहते हैं। ये बैकग्राउंड ऐप्स लगातार इंटरनेट, लोकेशन और अन्य संसाधनों का इस्तेमाल करते हैं जिससे बैटरी की खपत बढ़ जाती है। इसके लिए समय-समय पर अनावश्यक ऐप्स को बंद करना और उनकी बैकग्राउंड गतिविधियों को सीमित करना जरूरी है।
हर समय लोकेशन और ब्लूटूथ ऑन रखना
कई लोग अपने फोन का ब्लूटूथ, वाई-फाई और जीपीएस (लोकेशन) हमेशा ऑन रखते हैं। ये फीचर्स लगातार नए सिग्नल्स और डिवाइसेज को सर्च करते रहते हैं, जिससे बैटरी तेजी से खत्म होती है। अगर इनकी जरूरत नहीं है तो इन्हें बंद रखना बेहतर होता है। इससे बैटरी की बचत के साथ-साथ फोन की परफॉर्मेंस भी बेहतर बनी रहती है।
यह भी पढ़ें: Gmail Tips: क्या आपके भी जरूरी ईमेल इनबॉक्स के बजाय स्पैम फोल्डर में जा रहे हैं? ऐसे मिनटों में ठीक करें यह समस्या
बार-बार नोटिफिकेशन आना
सोशल मीडिया, शॉपिंग और गेमिंग ऐप्स से आने वाली लगातार नोटिफिकेशन भी तेजी से बैटरी खर्च करती हैं। क्योंकि हर नोटिफिकेशन के साथ स्क्रीन एक्टिव होती है और प्रोसेसर काम करता है। जिन ऐप्स का नोटिफिकेशन जरूरी नहीं हैं, उन्हें बंद कर के रखना चाहिए। इससे बैटरी की कम खपत होगी।
पुराने सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करना
स्मार्टफोन कंपनियां समय-समय पर नए सॉफ्टवेयर या सिक्योरिटी अपडेट्स जारी करती हैं, जिन्हें कई यूजर्स नजरअंदाज कर देते हैं। जबकि कंपनियां अपडेट के जरिए बैटरी ऑप्टिमाइजेशन और परफॉर्मेंस सुधार से जुड़े फीचर्स भी जारी करती हैं। इसलिए फोन को समय-समय पर अपडेट रखना जरूरी है।
चार्जिंग का गलत तरीका
बैटरी खराब होने की एक बड़ी वजह गलत तरीके से चार्ज करना भी है। फोन को बार-बार पूरी तरह से 0 प्रतिशत तक डिस्चार्ज होने देना या फिर पूरी रात चार्जिंग पर लगाकर छोड़ देना भी फोन की बैटरी के लिए नुकसानदायक होता है। विशेषज्ञों के अनुसार बैटरी को सामान्यतः 20 से 80 प्रतिशत के बीच रखना बेहतर माना जाता है।