मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब रेलवे संचालन पर भी साफ दिखाई देने लगा है। कई स्थानों पर रेलवे ट्रैक पर जलभराव होने से मुंबई सेंट्रल डिवीजन में रेल यातायात प्रभावित हुआ है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द, कुछ को रीशेड्यूल और कई ट्रेनों के मार्ग व संचालन समय में बदलाव किया है।
बारिश से बिगड़ा रेल संचालन
सोमवार को हुई तेज बारिश के कारण मुंबई में सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से ट्रेनों की आवाजाही धीमी पड़ गई। विशेष रूप से मुंबई सेंट्रल डिवीजन और वेस्टर्न रेलवे के कई रूट प्रभावित हुए हैं। रेलवे प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और मौसम के अनुसार संचालन में बदलाव कर रहा है।
इन ट्रेनों को किया गया रद्द
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 22915 बांद्रा टर्मिनस-हिसार 6 जुलाई को रद्द रहेगी। गाड़ी संख्या 22916 हिसार-बांद्रा टर्मिनस 7 जुलाई को नहीं चलेगी। इसी तरह 22933 बांद्रा टर्मिनस-जयपुर 6 जुलाई तथा 22934 जयपुर-बांद्रा टर्मिनस 7 जुलाई को रद्द कर दी गई है। इसके अलावा विशेष ट्रेन 09706 बांद्रा टर्मिनस-जयपुर भी 6 जुलाई को रद्द रहेगी।
ये भी पढ़ें : Delhi में खुला Tesla का पहला चार्जिंग हब, अब भारत में कितनी मजबूत हुई EV नेटवर्क की ताकत?
कई ट्रेनों के समय और रूट में बदलाव
गाड़ी संख्या 21903 बांद्रा टर्मिनस-बीकानेर अब निर्धारित समय 23:25 बजे के बजाय 7 जुलाई को रात 12:30 बजे रवाना होगी। 09705 जयपुर-बांद्रा टर्मिनस विशेष ट्रेन उधना तक ही संचालित होगी। 12990 अजमेर-दादर ट्रेन नवसारी तक ही चलेगी, जबकि 12989 दादर-अजमेर ट्रेन नवसारी से शाम 6:20 बजे रवाना होगी। वहीं 04725 हिसार-खडकी ट्रेन वापी तक ही संचालित की जाएगी।
इन ट्रेनों से सफर करने वालों को भी करना होगा इंतजार
कुछ ट्रेनों को निर्धारित समय से कई घंटे की देरी से रवाना किया गया है। 22451 बांद्रा टर्मिनस-चंडीगढ़ एक्सप्रेस लगभग 3 घंटे 15 मिनट की देरी से चली। 22915 बांद्रा टर्मिनस-हिसार करीब 3 घंटे 20 मिनट और 14708 बांद्रा टर्मिनस-हनुमानगढ़ एक्सप्रेस लगभग 3 घंटे 25 मिनट की देरी से रवाना हुई। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जरूर जांच लें, क्योंकि मौसम की स्थिति के अनुसार संचालन में आगे भी बदलाव संभव है।