भारत में इलेक्ट्रिक व्हीकल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में टेस्ला ने एक और बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने दिल्ली के नेक्सस सिलेक्ट सिटीवॉक मॉल में नॉर्थ इंडिया का पहला इन-मॉल ईवी चार्जिंग स्टेशन शुरू कर दिया है। इस नई सुविधा के साथ टेस्ला ने भारतीय ग्राहकों के लिए चार्जिंग नेटवर्क का और विस्तार किया है, जिससे इलेक्ट्रिक कार मालिकों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
दिल्ली में क्या है नई सुविधा?
टेस्ला का नया चार्जिंग स्टेशन दक्षिण दिल्ली स्थित नेक्सस सिलेक्ट सिटीवॉक मॉल की पी1 पार्किंग में बनाया गया है। यहां कुल छह डेस्टिनेशन चार्जर लगाए गए हैं, जिनमें प्रत्येक की क्षमता 11 किलोवॉट एसी है। कंपनी का दावा है कि इस स्टेशन का अपटाइम 99.95 प्रतिशत रहेगा, यानी यह लगभग हर समय उपयोग के लिए उपलब्ध रहेगा। ग्राहक शॉपिंग या डाइनिंग के दौरान अपनी कार आसानी से चार्ज कर सकेंगे।
अब भारत में कितने चार्जिंग स्टेशन?
दिल्ली में नई सुविधा शुरू होने के बाद भारत में टेस्ला की कुल छह चार्जिंग लोकेशन हो गई हैं। इन केंद्रों पर कुल 20 सुपरचार्जर और 20 डेस्टिनेशन चार्जर उपलब्ध हैं। कंपनी ने 6 जुलाई से 10 जुलाई तक मॉल में एक विशेष पॉप-अप स्टोर भी शुरू किया है, जहां लोग टेस्ला के नए मॉडल करीब से देख सकते हैं। यहां गाइडेड वॉकअराउंड, प्रोडक्ट डेमो और टेस्ट ड्राइव जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं।
ये भी पढ़ें : CCTV में कैद हुआ चौंकाने वाला सच! Ram Mandir चढ़ावा गिनती पर SIT रिपोर्ट में बड़े खुलासे
दो नए मॉडल भी आकर्षण का केंद्र
पॉप-अप स्टोर में कंपनी अपनी नई मॉडल वाई एल और 2026 मॉडल वाई प्रीमियम रियर-व्हील ड्राइव इलेक्ट्रिक एसयूवी प्रदर्शित कर रही है। मॉडल वाई एल छह सीटों वाली ऑल-व्हील ड्राइव एसयूवी है, जिसकी एक बार चार्ज करने पर दावा की गई रेंज 681 किलोमीटर है। वहीं 2026 मॉडल वाई प्रीमियम रियर-व्हील ड्राइव पांच सीटों के साथ लगभग 500 किलोमीटर तक चल सकती है। दोनों मॉडल तेज एक्सीलरेशन और प्रीमियम फीचर्स के साथ पेश किए गए हैं।
बुकिंग और होम चार्जिंग की सुविधा
कंपनी के अनुसार दोनों मॉडलों को कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से उच्च सुरक्षा रेटिंग मिल चुकी है। इच्छुक ग्राहक टेस्ला की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से इनकी बुकिंग कर सकते हैं। साथ ही कंपनी भारत के सभी राज्यों में होम चार्जिंग सपोर्ट भी उपलब्ध करा रही है, जिससे ग्राहकों को सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशनों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।