नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो की शुरुआत के बाद यात्रियों को बड़ी सुविधा मिली है। अब सफर करने वालों के लिए एक और अच्छी खबर है। हर टिकट खरीदने पर आपको लॉयल्टी पॉइंट्स मिलेंगे। ये पॉइंट्स आगे चलकर आपके काम आएंगे और आप इनसे मुफ्त यात्रा भी कर सकेंगे। यह पहल नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन ने शुरू की है ताकि लोग डिजिटल टिकटिंग को ज्यादा अपनाएं।
हर रुपये पर मिलेगा एक पॉइंट
इस योजना का नियम बहुत आसान है। आप जितना किराया देंगे, उतने ही पॉइंट्स आपके खाते में जुड़ जाएंगे। यानी एक रुपये खर्च करने पर एक पॉइंट मिलेगा। चाहे आप नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड से टिकट लें या NAMO भारत कनेक्ट ऐप से क्यूआर टिकट बुक करें, दोनों ही तरीकों पर बराबर फायदा मिलेगा। हर पॉइंट की कीमत दस पैसे मानी गई है। अगर आपने हजार रुपये का सफर किया तो हजार पॉइंट्स मिलेंगे, जिनकी कीमत सौ रुपये के बराबर होगी।
कब मिलेगा मुफ्त सफर का मौका
अगर आपके पास अच्छे खासे पॉइंट्स जमा हो जाते हैं तो आप उन्हें फ्री ट्रिप के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। मुफ्त यात्रा के लिए कम से कम तीन सौ पॉइंट्स जरूरी हैं। एक बार में अधिकतम पांच यात्राओं के लिए पॉइंट्स इस्तेमाल किए जा सकते हैं। ध्यान रखें कि रिडीम किए गए पॉइंट्स से बुक की गई टिकट की वैधता सात दिन तक रहती है।
ये भी पढ़ें : 1 March से बदल जाएगा टिकट बुकिंग का तरीका, बंद होगा पुराना ऐप, अब सिर्फ एक ही प्लेटफॉर्म से मिलेंगी सारी सुविधाएं
पॉइंट्स कैसे चेक करें
अगर आप कार्ड से सफर करते हैं तो अपने पॉइंट्स की जानकारी टिकट मशीन, कार्ड रीडर या काउंटर पर ले सकते हैं। ऐप इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को सारी जानकारी मोबाइल स्क्रीन पर ही मिल जाती है। टिकट बुक करते समय आप या तो पूरे पॉइंट्स से भुगतान कर सकते हैं या पूरी राशि डिजिटल तरीके से दे सकते हैं। दोनों को मिलाकर भुगतान करने की सुविधा फिलहाल नहीं है।
रिडीम और एक्सपायरी का नियम समझें
पॉइंट्स हमेशा के लिए नहीं रहते। जिस दिन से आप पॉइंट्स कमाते हैं, उसके बारह महीने बाद वे अपने आप खत्म हो जाते हैं। इसलिए समय रहते उनका इस्तेमाल करना जरूरी है। ये पॉइंट्स किसी और को ट्रांसफर नहीं किए जा सकते। जिसने कमाए हैं, वही उपयोग कर सकता है।
मोबाइल नंबर रखना होगा अपडेट
पॉइंट्स रिडीम करने के लिए आपका मोबाइल नंबर सिस्टम में अपडेट होना जरूरी है। अगर पॉइंट्स ईमेल आईडी से जुड़े खाते में दिख रहे हों, तब भी इस्तेमाल मोबाइल नंबर के जरिए ही होगा। इसलिए अपनी प्रोफाइल की जानकारी सही और अपडेट रखें, ताकि भविष्य में मुफ्त सफर का पूरा फायदा उठा सकें।