Narendra Modis visit to Meerut today: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 22 फरवरी यानि आज मेरठ के दौरे पर रहेंगे। करीब 90 मिनट के इस कार्यक्रम में वे क्षेत्रीय परिवहन परियोजनाओं को नई गति देंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। उनके साथ केंद्र और राज्य सरकार के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं तथा व्यापक तैयारियां की गई हैं।
आगमन और उद्घाटन कार्यक्रम
प्रधानमंत्री पूर्वाह्न 11:50 बजे दिल्ली के सफदरजंग एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होंगे और दोपहर 12:20 बजे मेरठ के शताब्दी नगर स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से वे शताब्दी नगर स्टेशन जाकर नमो भारत के विस्तारीकरण और मेरठ मेट्रो परियोजना का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन के बाद वे मेट्रो में यात्रा कर परियोजना की सुविधाओं का अवलोकन भी करेंगे।
जनसभा, जनसंपर्क
दोपहर 1:00 बजे वे मेरठ साउथ स्टेशन से सड़क मार्ग द्वारा मोहिउद्दीनपुर स्थित जनसभा स्थल पहुंचेंगे। यहां वे करीब 50 मिनट तक जनसभा को संबोधित करेंगे। सभा में विकास परियोजनाओं, बुनियादी ढांचे और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी पर विशेष जोर रहने की संभावना है। कार्यक्रम के बाद वे 1:50 बजे पास के हेलीपैड से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
यह भी देखेंःMohan Bhagwat: ओटीटी पर क्या देखना है यह दर्शकों की जिम्मेदारी, मोहन भागवत ने दिया संतुलित संदेश
सुरक्षा, काफिला
प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय व्यवस्था लागू की गई है। प्रथम घेरा एसपीजी कमांडो संभालेंगे, जबकि अन्य स्तरों पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहेंगे। काफिले में बुलेटप्रूफ कार, आर्मर्ड वाहन, एंबुलेंस और जैमर वाहन शामिल होंगे। सुरक्षा ड्यूटी में लगभग 100 से अधिक जवान तैनात रहेंगे, साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
प्रमुख नेता रहेंगे मौजूद
दौरे के दौरान उनके साथ योगी आदित्यनाथ, जयन्त चौधरी, मनोहर लाल खट्टर, ब्रजेश पाठक, पंकज चौधरी और धर्मपाल सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। प्रशासन के अनुसार, कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।