
उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनावों के ऐलान से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। एनडीए गठबंधन के तीन सहयोगी दल सुभासपा, निषाद पार्टी और अपना दल ने एक अलग मोर्चा बनाने के संकेत दिए हैं। इन दलों के बीच लगातार बैठकों का दौर चल रहा है और संभावना जताई जा रही है कि ये तीनों मिलकर पंचायत चुनाव लड़ सकते हैं। अगर यह प्रयोग सफल होता है, तो 2027 के विधानसभा चुनाव में भी इसे दोहराया जा सकता है।
संभावित गठबंधन को लेकर राजभर का बड़ा बयान
सुभासपा सुप्रीमो ओमप्रकाश राजभर ने इस संभावित गठबंधन को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। एक बातचीत में उन्होंने कहा, “हम तीनों ताल से निकलकर तालकटोरा (दिल्ली) में मिले और अपनी ताकत दिखाई। हम यूपी की राजनीति के इलेक्ट्रॉन, प्रोटॉन और न्यूट्रॉन हैं। जब हम तीनों साथ होंगे, तो वहीं परमाणु बम यानी ताकत बनेगी।”
अनुप्रिया पटेल की मांग का किया समर्थन
राजभर ने संकेत दिया कि पंचायत चुनाव में यह गठबंधन साथ उतर सकता है। उन्होंने अनुप्रिया पटेल की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि ओबीसी क्रिमी लेयर की सीमा 8 लाख से बढ़ाकर 15 लाख होनी चाहिए। महंगाई और बढ़ती जरूरतों को देखते हुए यह आवश्यक है। साथ ही उन्होंने ओबीसी मंत्रालय के गठन की भी मांग की। राजभर का कहना है कि जब जाट और राजपूत रेजिमेंट हो सकती है, तो ओबीसी कल्याण के लिए मंत्रालय क्यों नहीं?
ये भी पढ़ें : Beijing में विक्ट्री डे परेड बना एंटी-America मंच, Putin–Kim–Iran संग दिखे जिनपिंग, हथियारों संग दिया सियासी संदेश
बीजेपी और विपक्ष को राजभर का सीधा संदेश- राजनीतिक विश्लेषक
राजभर के इस बयान को लेकर राजनीतिक विश्लेषकों ने अलग-अलग व्याख्याएं की हैं। एक राजनीतिक विश्लेषक का कहना है कि पंचायत चुनाव पार्टी सिंबल पर नहीं होते, इसलिए यह बयान सीधा बीजेपी और विपक्ष दोनों को संदेश है। असल मकसद 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपनी ताकत का प्रदर्शन करना है। यह गठबंधन बीजेपी पर दबाव बनाने और पॉलिटिकल बार्गेनिंग का हथियार साबित हो सकता है।
राजभर का बयान विपक्ष के लिए भी एक चेतावनी
राजभर का यह बयान विपक्ष के लिए भी एक चेतावनी है। विश्लेषकों का मानना है कि अगर राजभर, निषाद और कुर्मी-कोइरी वोट बैंक एकजुट हुआ, तो यह कई सीटों पर निर्णायक साबित हो सकता है। फिलहाल, पंचायत चुनाव इस नए सियासी प्रयोग की पहली परीक्षा होंगे और इसका असर आगे की राजनीति पर भी साफ झलक सकता है।