कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पुरुष जेवलिन थ्रो फाइनल से पहले पाकिस्तान के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी अरशद नदीम ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपने देशवासियों से दुआ करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वह फाइनल के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं और चाहते हैं कि फाइनल में शानदार प्रदर्शन कर पाकिस्तान के लिए पदक जीतें।
आज नीरज और अरशद आमने-सामने
जेवलिन थ्रो के फाइनल में भारत के नीरज चोपड़ा और पाकिस्तान के अरशद नदीम एक बार फिर आमने-सामने होंगे। भारतीय चुनौती को और मजबूत बनाते हुए रोहित यादव और यशवीर सिंह ने भी फाइनल में जगह बनाई है। ऐसे में भारत के तीन खिलाड़ी पदक की दौड़ में उतरेंगे।
क्वालिफिकेशन में कैसा रहा प्रदर्शन
क्वालिफिकेशन राउंड में नीरज चोपड़ा ने 79.61 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर पांचवें स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई। रोहित यादव नौवें और यशवीर सिंह दसवें स्थान पर रहे। वहीं अरशद नदीम ने 78.63 मीटर का थ्रो किया और आसानी से फाइनल के लिए क्वालिफाई किया।
दिग्गजों से होगी कड़ी टक्कर
फाइनल मुकाबला सिर्फ नीरज और अरशद तक सीमित नहीं रहेगा। श्रीलंका के रुमेश थरंगा, जिन्होंने क्वालिफिकेशन में 82.84 मीटर का थ्रो किया, भी मजबूत दावेदार हैं। इसके अलावा दो बार के विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स भी पदक की रेस में शामिल हैं, जिससे मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़ें : 15 साल के Vaibhav पर बड़ा दांव, उपकप्तानी देकर सेलेक्टर्स ने दिए भविष्य के भारतीय कप्तान बनने के संकेत
पदक पर टिकी सबकी नजर
अरशद नदीम मौजूदा ओलंपिक चैंपियन और पिछले कॉमनवेल्थ गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता हैं, जबकि नीरज चोपड़ा भी बड़े मंचों पर लगातार शानदार प्रदर्शन करते रहे हैं। अब सबकी निगाहें फाइनल मुकाबले पर हैं, जहां दोनों स्टार खिलाड़ी एक बार फिर जेवलिन की सबसे बड़ी जंग में आमने-सामने होंगे।