Owaisis clear message: महाराष्ट्र और मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव नतीजों के बाद AIMIM की भूमिका पर सियासी चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच हैदराबाद में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी की स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि नगर निगम में किसी को समर्थन देना है या नहीं, इसका फैसला केवल पार्टी नेतृत्व करेगा। कोई भी पार्षद व्यक्तिगत स्तर पर भाजपा या उद्धव ठाकरे गुट के समर्थन का निर्णय नहीं ले सकता। ओवैसी ने इसे पार्टी अनुशासन से जोड़ते हुए स्पष्ट चेतावनी भी दी।
गठबंधन पर फैसला
ओवैसी ने कहा कि BMC में गठबंधन करना है या बाहर से समर्थन देना है, यह पूरी तरह पार्टी का सामूहिक निर्णय होगा। अगर कोई पार्षद पार्टी लाइन से हटकर कदम उठाता है तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इशारों में कहा कि AIMIM पर दबाव बनाकर उसे तोड़ने की कोशिशें सफल नहीं होंगी।
जनता देगी जवाब
AIMIM प्रमुख ने कहा कि अगर पार्टी को कमजोर करने या पार्षदों को तोड़ने का प्रयास हुआ तो इसका जवाब जनता देगी। उन्होंने बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी ऐसी कोशिशें नाकाम रहीं। ओवैसी ने भरोसा जताया कि AIMIM के सभी पार्षद पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हैं।
यह भी देखेंःFight for BMC Mayor: बीएमसी मेयर की जंग, शिंदे गुट के पार्षद होटल में शिफ्ट
AIMIM का दावा
ओवैसी ने बताया कि BMC में AIMIM के 8 पार्षद चुने गए हैं। इसके अलावा औरंगाबाद में 33, अमरावती, अकोला समेत कई शहरों में पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया है। कुल मिलाकर महाराष्ट्र में 125 पार्षद AIMIM से जीतकर आए हैं, जो शहरी राजनीति में पार्टी की बढ़ती पकड़ को दर्शाता है।
अनुशासन की अपील
ओवैसी ने महाराष्ट्र के मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि AIMIM को मिले समर्थन में सभी समुदायों का योगदान रहा है। अंत में उन्होंने पार्षदों से अपील की कि वे धैर्य रखें, पार्टी के फैसले का इंतजार करें और अनुशासन बनाए रखें।