NEET PG 2026: नीट पीजी 2026 की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बेहद जरूरी खबर है। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने आवेदन फॉर्म में सुधार के लिए पोर्टल खोल दिया है। अगर किसी भी अभ्यर्थी से फॉर्म भरते समय गलती हो गई थी, तो वे NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी गलती सुधार सकते हैं। इसके साथ ही बोर्ड ने परीक्षा की तारीख, एडमिट कार्ड और सिटी स्लिप से जुड़ी जानकारी भी जारी कर दी है। तो आइए जानते हैं फॉर्म में सुधार करने की आखिरी तारीख क्या है और इसे कैसे किया जा सकता है।
किन जानकारियों में कर सकते हैं सुधार
आपको बता दें कि उम्मीदवार करेक्शन विंडो के दौरान आवेदन फॉर्म में कुछ तय जानकारियों में बदलाव कर सकते हैं। जिसमें जन्मतिथि, जेंडर, कैटेगरी, PwD स्टेटस, EWS स्टेटस, शैक्षणिक योग्यता शामिल है। उम्मीदवार अपने नाम, ईमेल आईडी, मोबाइल नंबर, राष्ट्रीयता और परीक्षा शहर में कोई बदलाव नहीं कर सकते हैं।
फोटो और सिग्नेचर ठीक करने का मिलेगा मौका
NBEMS के आधिकारिक शेड्यूल के अनुसार, जिन उम्मीदवारों के फॉर्म में फोटो, सिग्नेचर, अंगूठे के निशान में कोई गलती है, तो वे Image Scrutiny टैब के जरिए इन्हें सुधार सकेंगे। इसकी विंडो 31 जुलाई से 8 अगस्त तक के लिए खुलेगी।
कैसे करें फॉर्म में सुधार
1.सबसे पहले NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट natboard.edu.in पर जाएं।
2. Examinations सेक्शन में जाकर NEET PG चुनें।
3. अपनी लॉगिन डिटेल्स दर्ज करके साइन इन करें।
4. जिन जानकारियों में बदलाव की अनुमति है, उनमें सुधार करें।
5. आवेदन फॉर्म की दोबारा जांच करें और सबमिट कर दें।
6. कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करके भविष्य के लिए सुरक्षित रख लें।
सिटी स्लिप और एडमिट कार्ड कब होंगे जारी
आपको बता दें कि नीट पीजी 2026 आवेदन फॉर्म में सुधार करने की आखिरी तारीख 28 जुलाई 2026 तय की गई है। इसके बाद उम्मीदवार 31 जुलाई से 8 अगस्त 2026 तक फोटो, सिग्नेचर और थंब इंप्रेशन जैसी इमेज से जुड़ी गलतियां ठीक कर सकेंगे। सिटी इंटिमेशन स्लिप 11 अगस्त को जारी किया जाएगा, जबकि एडमिट कार्ड 27 अगस्त से उपलब्ध करा दिए जाएगा। वहीं नीट पीजी परीक्षा का आयोजन 30 अगस्त को किया जाएगा और रिजल्ट 30 सितंबर तक जारी किए जा सकते हैं।