NEET-UG Exam: मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) को लेकर केंद्र सरकार एक बहुत बड़ा बदलाव करने जा रही है। अगले साल से इस परीक्षा का पूरा तरीका बदलने की तैयारी है। अब यह परीक्षा पहले की तरह एक ही दिन में पेन और पेपर पर नहीं होगी, बल्कि कंप्यूटर आधारित होगी। साथ ही र इसे 5 से 6 दिनों में अलग-अलग शिफ्ट में आयोजित किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इस कदम से परीक्षा ज्यादा सुरक्षित और पारदर्शी बनेगी और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लग सकेगी।
हर दिन 5 लाख छात्र देंगे परीक्षा
मिली जानकारी के अनुसार इस नए प्लान के तहत परीक्षा देशभर के करीब 500 शहरों में बने 1,000 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इनमें ज्यादातर केंद्र केंद्रीय विद्यालय (KV), नवोदय विद्यालय (JNV) और अन्य सरकारी संस्थानों में बनाए जाएंगे। परीक्षा के दौरान हर दिन करीब 5 लाख छात्र एग्जाम देंगे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर रोज़ लगभग 500 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था होगी। इस तरह 5 से 6 दिनों के भीतर सभी उम्मीदवारों की परीक्षा पूरी करा ली जाएगी।
NTA में भी होगा 'टॉप टू बॉटम' सुधार
सिर्फ परीक्षा का तरीका ही नहीं बदलेगा, बल्कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) में भी बड़े स्तर पर बदलाव किए जाएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, NTA के कामकाज, तकनीक, इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रशासनिक व्यवस्था में ऊपर से लेकर नीचे तक बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। उम्मीद है कि सुधार की यह प्रक्रिया इस साल अक्टूबर तक पूरी हो जाएगी।
यह भी पढ़ें: क्वेश्चन पेपर के साथ आंसर फ्री! इस यूनिवर्सिटी ने कर डाला अजब-गजब कारनामा, जानें क्या है पूरा मामला
क्यों लिया गया फैसला
आपको बता दें कि यह बड़ा फैसला इस साल NEET-UG परीक्षा में हुए पेपर लीक विवाद के बाद लिया गया है। इस साल 3 मई को हुई परीक्षा को रद्द करना पड़ा था, जिसमें करीब 22 लाख छात्र शामिल हुए थे। इसके बाद दोबारा परीक्षा आयोजित की गई और पूरे मामले की जांच CBI को सौंपी गई। इस मामले को लेकर सरकार ने पूर्व इसरो (ISRO) प्रमुख डॉ. के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता में एक हाई-लेवल कमेटी बनाई थी। यह नया बदलाव इसी कमेटी की सिफारिशों पर आधारित है।
जल्द जारी की जाएगी नई गाइडलाइन
NTA में बदलाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सरकार की ओर से आधिकारिक गाइडलाइन जारी की जाएगी। इसमें परीक्षा की नई व्यवस्था, शहरों की लिस्ट, शिफ्ट का समय और सुरक्षा के लिए इस्तेमाल होने वाली नई तकनीकों की पूरी जानकारी दी जाएगी।