NEET Exam Dress Code 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 21 जून को होने जा रही नीट यूजी 2026 की री-एग्जाम के लिए उम्मीदवारों के लिए एक जरूरी एडवाइजरी जारी की है। देश भर के विभिन्न केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए एजेंसी ने ड्रेस कोड, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और परीक्षा केंद्र में ले जाने वाली वस्तुओं को लेकर दिशा निर्देश दिए हैं। बता दें कि नीट यूजी 2026 री-एग्जाम दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित किया जाएगा। वहीं, एक्स्ट्रा समय के लिए पात्र PwD और PwBD उम्मीदवारों के लिए परीक्षा शाम 6:20 बजे तक चलेगी।
परीक्षा केंद्र में क्या ले जा सकेंगे उम्मीदवार?
बारिश के मौसम को देखते हुए इस बार NTA ने उम्मीदवारों को कुछ खास राहत दी गई है। छात्र परीक्षा केंद्र के अंदर पानी पीने के लिए एक पारदर्शी बोतल ले जा सकते हैं। इसके अलावा एडमिट कार्ड को भीगने से बचाने के लिए पारदर्शी प्लास्टिक पाउच ले जा सकते हैं। एनटीए ने कहा है कि उम्मीदवारों को केवल वही चीजें साथ लानी चाहिए, जो परीक्षा के लिए आवश्यक हो।
क्या पहनें और क्या नहीं?
NTA ने उम्मीदवारों को परीक्षा के दिन आरामदायक और सही कपड़े पहनने की सलाह दी है। हालांकि जरूरत होने पर उम्मीदवार फुल स्लीव या उनी कपड़े भी पहन सकते हैं। लेकिन ऐसे छात्रों को जांच के लिए एग्जाम सेंटर पर जल्दी पहुंचना होगा। परीक्षा केंद्र पर चप्पल या कम हील वाली सैंडल पहनकर आएं। ऊंची हील वाले जूते-सैंडल पहनने पर ज्यादा कड़ी जांच से गुजरना पड़ सकता है।
सुरक्षा प्रक्रिया में एक्स्ट्रा समय लग सकता
एजेंसी ने धार्मिक आस्था से जुड़ी वस्तु और पहनावे को लेकर भी निर्देश जारी किए हैं। कलवा, पगड़ी, हिजाब या अन्य धार्मिक प्रतीकों को पहनकर आने की अनुमति है। लेकिन ऐसे उम्मीदवारों को जांच प्रक्रिया के लिए अन्य छात्रों से काफी पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। एनटीए ने कहा कि सुरक्षा प्रक्रिया में एक्स्ट्रा समय लग सकता है, इसलिए समय से पहले रिपोर्ट करना जरूरी है।
यह भी पढ़ें: Coempt Clarification: सीबीएसई ऑन-स्क्रीन मार्किंग विवाद पर Coempt ने दी सफाई; कहा- 'तकनीकी नहीं, मानवीय चूक हुई'
इन चीजों पर है पूरी तरह पाबंदी
परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की परमिशन नहीं है। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक के डिवाइस पूरी तरह बैन रहेंगे। इसके अलावा बड़े बेल्ट, बक्कल, धातु से बनी चीजें, भारी ज्वेलरी और दूसरे मेटल एसेसरीज भी परीक्षा हॉल में ले जाने की परमिशन नहीं होगी।
बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन है जरूरी
परीक्षा केंद्र में एंट्री से पहले सभी उम्मीदवारों का फिंगरप्रिंट या फेस स्कैन किया जाएगा। NTA ने साफ किया है कि अगर इंटरनेट, सर्वर या किसी तकनीकी खराबी के कारण किसी छात्र का बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन नहीं हो पाता है, तो उसे परीक्षा देने से नहीं रोका जाएगा। ऐसी स्थिति में छात्र से एक घोषणा पत्र भरवाया जाएगा और परीक्षा में बैठने दिया जाएगा। यह प्रक्रिया परीक्षा से पहले या परीक्षा खत्म होने के बाद भी पूरी की जा सकती है।